US Israel Iran War

साल के पहले चंद्र ग्रहण पर बिहार में दर्दनाक हादसा, स्नान करने नदी में उतरे 6 बच्चों की डूबने से मौत

घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की. काफी प्रयासों के बाद सभी छह शव नदी से बाहर निकाले गए. एक साथ छह बच्चों के शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया.

Grok
Anuj

मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में चंद्रग्रहण के दिन एक बड़ा हादसा हो गया. पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवा गांव में नदी में स्नान करने उतरे छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7 बजकर 15 मिनट पर यह हादसा हुआ. चंद्रग्रहण खत्म होने के बाद बच्चे सुमौति नदी के किनारे स्नान के लिए पहुंचे थे. धार्मिक मान्यता के अनुसार, ग्रहण समाप्ति के बाद लोग शुद्धिकरण के लिए नदी में स्नान करते हैं. 

6 बच्चों की दर्दनाक मौत

बताया जा रहा है कि बच्चे जैसे ही नदी में उतरे, वे गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और अचानक गहरे पानी में चले गए. एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी बच्चे डूबते चले गए. आसपास मौजूद लोग जब तक स्थिति समझ पाते और मदद के लिए आगे बढ़ते, तब तक देर हो चुकी थी.

गांव में चीख-पुकार मची

घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की. काफी प्रयासों के बाद सभी छह शव नदी से बाहर निकाले गए. एक साथ छह बच्चों के शव गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे लोहरगांवा गांव में चीख-पुकार मची हुई है.

ग्रामीणों ने क्या बताया

मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने जानकारी देते हुए बताया कि हम लोग जितनी तेजी से दौड़ सकते थे, हमने दौड़ लगाई, लेकिन बच्चों को बचाया नहीं जा सका. पलभर सब कुछ में खत्म हो गया. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है.

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

चंद्र ग्रहण हुआ समाप्त

साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण समाप्त हो चुका है. चंद्र ग्रहण 3 मार्च को दोपहर 3 बजकर 21 मिनट पर शुरू हुआ और शाम 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त हो गया. यह पूर्ण चंद्र ग्रहण था, जिसे लेकर लोगों में काफी उत्सुकता देखी गई.