IPL 2026

प्राइवेट पार्ट काटकर हत्या...लव ट्रायंगल के चक्कर में युवक को उतारा मौत के घाट; दिल दहला देगी ये घटना

घटना कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान इंदल कुमार रविदास के रूप में हुई है. इंदल पिछले चार दिनों से लापता था. बुधवार को वह घर से निकला था और उसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला. परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई.

x
Antima Pal

बिहार: बिहार के कटिहार जिले में प्रेम के त्रिकोण ने एक युवक की जान ले ली. आरोपियों ने न सिर्फ युवक की निर्मम हत्या की, बल्कि हैवानियत की सारी सीमाएं पार करते हुए उसके निजी अंग काट डाले. शव को जलकुंभी भरे तालाब में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

लव ट्रायंगल के चक्कर में युवक को उतारा मौत के घाट

घटना कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र की है. मृतक की पहचान इंदल कुमार रविदास के रूप में हुई है. इंदल पिछले चार दिनों से लापता था. बुधवार को वह घर से निकला था और उसके बाद उसका कोई अता-पता नहीं चला. परिवार वालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई.

शनिवार सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास एक तालाब में शव तैर रहा है. तालाब जलकुंभी से पूरी तरह भरा हुआ था. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला. शव की पहचान इंदल कुमार रविदास के रूप में हुई. देखते ही सबकी रूह कांप गई. इंदल के शरीर पर मारपीट के निशान थे और सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि उसके गुप्तांग को धारदार हथियार से काट दिया गया था. हत्यारों ने शव को सबूत मिटाने के लिए तालाब में फेंक दिया था.

पुलिस ने बताया कि यह पूरा मामला लव ट्रायंगल का है. इंदल कुमार रविदास गांव की एक शादीशुदा महिला से बातचीत करता था. उसी महिला से आरोपी अमरजीत कुमार भी प्रेम संबंध रखता था. दोनों के बीच रंजिश थी. इसी गुस्से में अमरजीत और महिला ने मिलकर साजिश रची. बुधवार को उन्होंने इंदल को फोन करके बुलाया और साथियों के साथ मिलकर उसका अपहरण कर लिया. फिर बेरहमी से मारपीट की और गुप्तांग काटकर उसकी हत्या कर दी.

अपर पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी. पहले तालाब में तलाशी ली गई लेकिन कुछ नहीं मिला. बाद में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूरा राज खोल दिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरजीत कुमार, शादीशुदा महिला और मोहन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. 

इस वारदात में कुल आठ लोग शामिल थे, जिनमें से पांच अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है. परिवार वाले इंदल की मौत से सदमे में हैं. इंदल का परिवार गरीब है और इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है. मामले की आगे की जांच जारी है.