नीतीश कुमार ने अगर दिया इस्तीफा तो कौन बनेगा बिहार का नया मुख्यमंत्री? CM की रेस में इन नामों पर चर्चा

बिहार की राजनीति कभी भी करवट ले सकती है. सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार अपने पद को छोड़ने वाले हैं, वहीं बिहार को सीएम के रूप में नया चेहरा मिलने की संभावना है.

ANI
Shanu Sharma

बिहार की राजनीति में पिछले 24 घंटों में काफी उथल-पुथल देखने को मिला. राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि अब वे दिल्ली की ओर बढ़ने वाले हैं. सूत्रों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर संसद के उच्च सदन में अपनी राजनीतिक यात्रा जारी रखेंगे. हालांकि आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.

सूत्रों ने यह तक दावा किया है कि नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्रों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. जिसके बाद गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं. जानकारी के मुताबिक नामांकन दाखिल करने के बाद विधायकों की बैठक होगी, जिसमें वह अपने फैसले की जानकारी दे सकते हैं. 

सीएम के रेस में इन नामों पर चर्चा

राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होना है, जिसके बाद नीतीश अगले हफ्ते इस्तीफा दे सकते. इसी के साथ 21 वर्षों से चली आ रही उनकी मुख्यमंत्री पारी का अंत होगा. हालांकि सूत्रों का यह भी कहना है कि पार्टी के नेता और परिवार वालों ने नीतीश कुमार से अपने पद को ना छोड़ने की अपील की है.

सीएम नीतीश के इस्तीफे से साथ बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम पर भी चर्चा शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि इस बार भाजपा की ओर से किसी को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. इस रेस में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा प्रमुख हैं. इसके अलावा दिलीप जायसवाल, संजीव चौरसिया और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय जैसे नाम भी चर्चा में हैं.

निशांत कुमार के नाम पर चर्चा तेज 

सीएम के साथ डिप्टी सीएम के नाम में भी बदलाव होना तय माना जा रहा है. कहा जा रहा है कि जदयू के कोटे से दो उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं, जिनमें विजय कुमार चौधरी और नीतीश के बेटे निशांत कुमार का नाम प्रमुखता से उभर रहा है. हले निशांत को राज्यसभा भेजने की बात थी, लेकिन अब वे बिहार में ही सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं. यह परिवार की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकेत है.

नीतीश के इस फैसले के पीछे उनका गिरता स्वास्थ्य मुख्य वजह माना जा रहा है. हालांकि इन कयासों पर राजद सांसद मनोज झा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यदि नीतीश इस्तीफा देते हैं तो यह जदयू के लिए भारी रात होगी, जो वेनेजुएला के राष्ट्रपति के अपहरण जैसी स्थिति होगी.