ये है रियल लाइफ 'हम दिल दे चुके समन'...! पति ने कराई पत्नी की दूसरी शादी, मां ने चप्पल से पीटकर किया विदा
बिहार के सारण जिले में सामने आई एक अनोखी शादी इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. चार बच्चों की मां की शादी उसके पति ने ही उसके प्रेमी से करा दी और आखिर में मां ने चप्पल मारकर बेटी को विदा किया.
बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा इलाके से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को फिल्म हम दिल दे चुके सनम की याद दिला दी है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी की शादी खुद उसके प्रेमी से करा दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें की 32 साल की ज्योति की शादी साल 2011 में अनूप नाम के युवक से हुई थी. दोनों आसनसोल में रहते थे. इसी दौरान महिला की नजदीकियां पति के करीबी दोस्त से बढ़ गईं. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब 14 साल से प्रेम संबंध था.
पति ने करवा दी पत्नी की दूसरे शादी
कुछ समय पहले ज्योति का प्रेमी और उसके पति का करीबी दोस्त सुजीत गांव पहुंच गया और महिला के साथ रहने लगा. इसके बाद गांव में इस रिश्ते को लेकर चर्चा शुरू हो गई. मामला धीरे धीरे इतना बढ़ गया कि पंचायत और पुलिस तक पहुंच गया. गांव वालों और परिवार ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने पति के साथ रहने के लिए तैयार नहीं हुई. मामला पंचायत के सामने पहुंचा जहां दोनों पक्षों की बात सुनी गई. आखिरकार आपसी सहमति से यह फैसला लिया गया कि महिला की शादी उसके प्रेमी से करा दी जाए. इसके बाद महिला के पति ने खुद मंदिर में दोनों की शादी कराई.
बच्चों के सामने हुई मां की दूसरी शादी
सबसे भावुक पल तब देखने को मिला जब महिला के चारों बच्चे अपनी मां की दूसरी शादी के गवाह बने. बताया जा रहा है कि महिला अपने दो बच्चों को साथ ले जाना चाहती थी, लेकिन परिवार इसके लिए तैयार नहीं हुआ. आखिरकार वह बिना बच्चों को साथ लिए ही अपने नए पति के साथ रवाना हो गई.
मां ने चप्पले मार मारकर किया विदा
इस पूरी घटना का सबसे चौंकाने वाला दृश्य शादी के बाद देखने को मिला. महिला की मां अपनी बेटी के फैसले से बेहद नाराज थी. जैसे ही शादी पूरी हुई, उन्होंने चप्पल हाथ में लेकर बेटी और उसके नए पति को पीटना शुरू कर दिया. मौके पर मौजूद लोग यह देखकर हैरान रह गए. कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि ऐसी विदाई शायद ही कभी देखी गई हो.