करोड़पति बना प्लंबर, बैंक खाते में अचानक दिखे 113 रुपये से सीधे 294 करोड़ तो उड़ गए होश; दर्ज कराई शिकायत
बिहार के गया जिले के प्लंबर विकास कुमार के बैंक खाते में अचानक 113 रुपये से बढ़कर 294 करोड़ रुपये दिखाई देने लगे. हैरान विकास ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है.
गया: बिहार के गया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्लंबर के बैंक खाते में अचानक 294 करोड़ रुपये दिखाई देने लगे. यह घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. प्लंबर ने खुद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार गया जिले के मस्तपुरा गांव निवासी विकास कुमार पेशे से प्लंबर हैं. उनके बैंक खाते में सामान्य तौर पर बहुत कम राशि रहती थी. विकास ने बताया कि हाल ही में एक ग्राहक द्वारा भेजी गई रकम में से करीब 1,300 रुपये निकालने के बाद उनके खाते में केवल 113 रुपये बचे थे. लेकिन गुरुवार सुबह जब उन्होंने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो उनके होश उड़ गए.
विकास कुमार ने क्या बताया?
विकास के अनुसार सुबह उनके खाते में करीब 94 करोड़ रुपये दिखाई दिए. उन्हें लगा कि शायद कोई तकनीकी गड़बड़ी है. हालांकि दिन बीतने के साथ खाते में दिख रही राशि और बढ़ गई. शाम तक उनके खाते का बैलेंस बढ़कर 294 करोड़ रुपये पहुंच गया.
इतनी बड़ी रकम देखकर विकास घबरा गए. उन्होंने तुरंत गांव के स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी. उनकी सलाह पर विकास सीधे पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.
कहां से आई इतनी रकम?
विकास कुमार का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि यह पैसा कहां से आया. उन्होंने खाते में आई रकम का उपयोग करने की कोई कोशिश नहीं की. उनका कहना है कि एक साधारण प्लंबर होने के नाते उनके खाते में इतनी बड़ी राशि आना असंभव है और वे खुद भी इस घटना से हैरान हैं.
थाना प्रभारी ने क्या बताया?
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोधगया थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह एक संवेदनशील वित्तीय मामला है. बैंक रिकॉर्ड, सर्वर लॉग, ट्रांजैक्शन आईडी और संबंधित खातों की जांच की जा रही है.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खाते में दिखाई देने वाली यह रकम किसी बैंकिंग त्रुटि, तकनीकी खराबी या किसी संभावित वित्तीय धोखाधड़ी का परिणाम तो नहीं है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और बैंक अधिकारियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.