T20 World Cup 2026

मातम में बदली खुशियां, शादी के 5 दिन बाद दुल्हा समेत 4 लोगों की मौत, मृतकों में तीन सगे भाई शामिल

घर के सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से दम घुटने के कारण एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन सगे भाई और एक भतीजा शामिल हैं.

pinterest
Sagar Bhardwaj

बिहार के वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव में रविवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया. घर के सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैस से दम घुटने के कारण एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन सगे भाई और एक भतीजा शामिल हैं. यह हादसा तब हुआ जब परिवार के सदस्य एक-दूसरे को बचाने के लिए बारी-बारी से टैंक में उतरते गए और सभी गैस की चपेट में आ गए.

शादी की खुशियां पांच दिन में मातम में बदलीं

मृतकों में 24 वर्षीय राहुल कुमार भी शामिल हैं, जिसकी शादी सिर्फ पांच दिन पहले 24 फरवरी को हुई थी. परिवार के लोग मजदूरी के लिए असम में रहते थे और शादी के लिए करीब 20 दिन पहले गांव लौटे थे. घर में अभी जश्न का माहौल खत्म भी नहीं हुआ था कि यह हादसा हो गया. नई दुल्हन के हाथों की मेहंदी सूखी भी नहीं थी कि पति की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया.

एक को बचाने में चार की जान गई

परिवार और चश्मदीदों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे 15 फुट गहरे सेप्टिक टैंक की सफाई शुरू हुई. सबसे पहले 18 वर्षीय प्रियांशु कुमार टैंक में उतरा. कुछ देर बाद उसकी आवाज बंद हो गई. उसे देखने उसके पिता आनंद कुमार नीचे गए, लेकिन वह भी बेहोश हो गए.

इसके बाद आनंद के दोनों भाई पंकज और राहुल भी उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतर गए. टैंक में जमा मीथेन और कार्बन मोनोऑक्साइड जैसी जहरीली गैस के कारण चारों बेहोश होकर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई.

बचाव में उतरे तीन गांव वाले भी बेहोश

जब चारों बाहर नहीं आए तो तीन और गांव वाले उन्हें बचाने के लिए अंदर उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची. एक जवान रस्सी बांधकर टैंक में उतरा और सभी को बाहर निकाला.

सभी को तुरंत हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. तीन अन्य ग्रामीणों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है.

पूरे गांव में शोक की लहर

मृतकों की पहचान आनंद कुमार (46) शिवजी साह का बड़ा बेटा, राहुल कुमार (24) शिवजी साह का छोटा बेटा (जिसकी पांच दिन पहले हुई थी शादी), पंकज कुमार (शिवजी साह का मंझला बेटा) और प्रियांशु कुमार (18) (आनंद कुमार का बेटा) के रूप में हुई है. घटना के बाद अनवरपुर गांव में सन्नाटा पसरा है और शिवजी साह के परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सेप्टिक टैंक की सफाई बिना सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित कर्मियों के न करें, क्योंकि ऐसे टैंक में जमा गैस जानलेवा होती है.