पार्किंग विवाद में काट डाला ड्राइवर का सिर, फिर गुस्साई भीड़ और परिजनों ने ले ली आरोपी की जान
अररिया में पार्किंग विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने ड्राइवर की हत्या कर दी और उसका सिर काट दिया. इसके बाद गुस्साए परिजनों और भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला.
अररिया: बिहार के अररिया जिले में पार्किंग का विवाद इतना बढ़ गया कि एक सत्तू बेचने वाले ने एक पिकअप ट्रक ड्राइवर का गला रेत दिया. इस खौफनाक मंजर को देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए. इसके बाद, गुस्साई भीड़ ने सत्तू बेचने वाले यानी पिकअप ड्राइवर के हत्यारे को मौके पर ही पीट-पीटकर मार डाला. इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. यह घटना फोर्ब्सगंज इलाके में हुई.
पिकअप ड्राइवर की पहचान नबी हुसैन के रूप में हुई है, जो पास के ही एक गांव का रहने वाला था. नबी हुसैन अपने पीछे तीन बच्चों दो बेटों और एक बेटी को छोड़ गया है. मृतक के बड़े भाई ने बताया कि मेरे भाई की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. वह हर रोज यहां सब्जियां खरीदने आता था. कुछ लोग कह रहे हैं कि आज पिकअप ट्रक पार्क करने की जगह को लेकर उसका सत्तू बेचने वाले से झगड़ा हो गया था. जिसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई.
स्थानीय लोगों ने क्या बताया?
स्थानीय लोगों के अनुसार एक पिकअप ट्रक ड्राइवर और एक सत्तू बेचने वाले के बीच गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद हो गया था. कहा-सुनी के दौरान सत्तू बेचने वाले ने एक तेज धार वाले चाकू से ड्राइवर का गला रेतकर उसकी नृशंस हत्या कर दी. पीड़ित की गर्दन पर वार इतना जोरदार था कि उसका सिर उसके धड़ से अलग हो गया.
गुस्साई भीड़ ने क्या किया?
पुलिस घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची. जब पुलिस आरोपी सत्तू विक्रेता को गिरफ्तार करके ले जाने की कोशिश कर रही थी, तभी गुस्साई भीड़ ने उसे जबरदस्ती खींच लिया और आरोपी विक्रेता जिसकी पहचान राहुल चौहान के रूप में हुई है उसको बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हालांकि भीड़ की भारी संख्या के कारण अधिकारियों के लिए आरोपी को बचा पाना नामुमकिन था. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है, इन दो घटनाओं के बाद भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें
- 80 साल की बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म, नाबालिग को 18 महीने की हुई सजा, मच्छरदानी में फंसकर पकड़ा गया
- बिहार में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट! गरज-चमक के साथ गिरेंगे ओले गिरेंगे; IMD ने जारी की चेतावनी
- कटिहार में सियार के हमले का दावा निकला झूठा, पति ने की हत्या..पोतों ने सबूत छिपाने में की मदद; जानें कैसे खुला राज