Asian Games 2026

दिव्यांग युवती से घर में घुसकर दुष्कर्म का आरोप, परिजनों ने पकड़ा तो आरोपी को छुड़ा ले गए रिश्तेदार; 7 पर FIR

औरंगाबाद के नबीनगर में एक दिव्यांग युवती ने गांव के ही गुलाम गौस पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पीड़िता के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने आरोपी को पकड़ लिया था लेकिन उसके रिश्तेदार उसे जबरन छुड़ाकर ले गए. चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला.

Pinterest
Km Jaya

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर दो पैर से दिव्यांग युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता ने गांव के ही गुलाम गौस पर रात में घर में घुसकर उसके साथ जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है. मामले में मुख्य आरोपी समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.

पीड़िता के आवेदन के अनुसार, घटना 13 सितंबर की रात करीब दो बजे की है. वह अपने घर में सो रही थी. आरोप है कि इसी दौरान गुलाम गौस छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ और उसके कमरे में पहुंच गया. पीड़िता का आरोप है कि उसने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और उसके साथ मारपीट की.

पीड़िता ने पुलिस को क्या बताया?

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के दौरान परिवार के सदस्यों के जाग जाने पर आरोपी को पकड़ लिया गया.


पीड़िता के मुताबिक गुलाम गौस के परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे उसके घर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने गुलाम गौस को जबरन छुड़ा लिया और अपने साथ लेकर चले गए. इसके बाद पीड़िता की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

इस मामले में कौन-कौन है आरोपी?

इस मामले में गुलाम गौस के अलावा गुड्डु अंसारी, गुलाम सरवर उर्फ दिदु, रामजान अली, मोजमील अंसारी, गुलाम दस्तगीर और बुरजहां खातून को भी आरोपी बनाया गया है. पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी उसे और उसके परिवार के सदस्यों को लगातार धमकी दे रहे हैं.

पुलिस ने पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. आरोपियों पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.