पटना: रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' में बिहार की रहने वाली प्रतिभागी साक्षी झा अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं. शो के दौरान उन्होंने खुद को मैन हेटर बताया और पुरुषों के प्रति अपनी नाराजगी जताते हुए कई विवादित टिप्पणियां कीं. उनके बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए हैं, जिसके बाद उन्हें लेकर बहस छिड़ गई है.
शो में साक्षी झा ने कहा कि उन्हें पुरुषों से नफरत है और उन्होंने अपने पिता, भाई तथा दादा के प्रति भी नकारात्मक भावनाएं होने की बात कही. जब उनसे इसके पीछे की वजह पूछी गई तो उन्होंने कहा कि वह पीढ़ियों से चले आ रहे मानसिक आघात का असर मानती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने पति को शराब पीकर बेल्ट से पीटना चाहती हैं. इस बयान के बाद शो में मौजूद जज और दर्शक भी हैरान रह गए.
साक्षी झा बिहार की रहने वाली एक शिक्षिका और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं. उनके इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोअर्स हैं. उन्होंने अपने बायो में खुद को “पितृसत्ता का सबसे बुरा सपना” लिखा हुआ है. बीते दिनों ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी की, लेकिन उनका पूरा एक्ट हास्य की बजाय पुरुषों के प्रति गुस्से और नफरत से भरा था, जिससे जज और दर्शक दोनों हैरान रह गए. उनके बिहार के जिले, पिता, स्कूल, नौकरी और असली सरनेम के बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है. वे खुद को बिहार की बताती हैं.
ऑडिशन के दौरान पैनलिस्ट ने उनसे पूछा कि क्या पुरुषों के साथ उनका कोई खराब अनुभव रहा है. इस पर साक्षी ने कहा कि उन्हें जेनरेशनल ट्रॉमा है. जब उनसे पूछा गया कि उनके पिता इस सोच के बारे में क्या महसूस करते हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने पिता से भी कहा है कि वह उनसे नफरत करती हैं.
साक्षी के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. कई लोगों ने उनके बयानों की आलोचना की है, जबकि कुछ लोगों ने उनके जेनरेशनल ट्रॉमा संबंधी दावे पर चर्चा की है. शो में उनके प्रदर्शन को कोई अंक नहीं मिला और सभी पैनलिस्ट ने उन्हें शून्य अंक दिए.
इस बीच सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि बिहार सरकार ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी नौकरी समाप्त कर दी है. हालांकि इस दावे की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. न तो बिहार सरकार और न ही संबंधित विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है. इसलिए नौकरी जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है.