West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

मुजफ्फरपुर की वोटर लिस्ट पर उठे सवाल, हिंदू घरों में मुस्लिम नाम जुड़ने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने जताई फर्जी वोटिंग की आशंका

मुजफ्फरपुर जिले के सकरा विधानसभा क्षेत्र में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी सामने आई है. हिंदू परिवारों के मकानों में मुस्लिम मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए हैं. ग्रामीणों ने इसे साजिश बताया और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है. खाली घरों और गैरमौजूद पते पर भी नाम जोड़े गए हैं.

Social Media
Km Jaya

Muzaffarpur Voter List Scam: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से वोटर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है. जिसमें सकरा विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर हिंदू परिवारों के मकानों में मुस्लिम मतदाताओं के नाम दर्ज कर दिए गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में कोई मुस्लिम परिवार नहीं रहता, फिर भी उनके घरों के पते पर मुस्लिम नाम जोड़े गए हैं. इस खुलासे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है.

ग्रामीणों ने बताया कि कई मकानों में एक ही पते पर हिंदू और मुस्लिम दोनों के नाम वोटर लिस्ट में शामिल हैं. बूथ संख्या 223 उत्क्रमित मध्य विद्यालय साहदुल्लाहपुर में मकान संख्या 2 पर पूनम देवी के साथ लाडली खातून का नाम दर्ज है. मकान संख्या 3 में हिंदू परिवार के नामों के बीच मो. जुनैद का नाम है. इसी तरह मकान संख्या 4, 10, 36, 37 और 38 पर भी मुस्लिम मतदाताओं के नाम चढ़ा दिए गए हैं, जबकि स्थानीय लोग दावा करते हैं कि वहां कोई मुस्लिम परिवार रहता ही नहीं.

खाली घरों पर भी जोड़े गए नाम

उमेश ठाकुर के मकान संख्या 50 पर उनका परिवार पिछले 20 साल से समस्तीपुर में रह रहा है और घर खाली है, फिर भी वोटर लिस्ट में उनके पते पर 7-8 मुस्लिम नाम दर्ज हैं. ऐसे ही मकान संख्या 39 में 8 मुस्लिम नाम जोड़े जबकि वहां 6 हिंदू मतदाता हैं. मकान संख्या 56 में 7 हिंदू वोटरों के साथ 11 मुस्लिम नाम दर्ज हैं. मकान संख्या 51 में 3 हिंदू मतदाताओं के बीच 6 मुस्लिम नाम जुड़े हैं.

ग्रामीणों का आरोप और आशंका

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह महज गलती नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है. उनका कहना है कि अगर उनके मकान पर किसी और का नाम दर्ज हो गया, तो भविष्य में उनकी संपत्ति पर भी फर्जी दावा किया जा सकता है. साथ ही चुनाव में फर्जी वोटिंग की आशंका भी जताई गई है. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक यह गड़बड़ी दूर नहीं होगी, वे मतदान का बहिष्कार करेंगे.

अधिकारियों की सफाई

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने बीएलओ से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. वार्ड 5 और 6 की बीएलओ रेणु कुमारी ने कहा कि उन्हें भी जानकारी नहीं है कि ऐसा कैसे हुआ. फिलहाल बीडीओ के आदेश पर फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि गलत नाम हटाए जा सकें.