हे भगवान! कोर्ट में नौकरी के लिए शख्स ने किया अप्लाई, एडमिट कार्ड पर खुद के बजाय कुत्ते की तस्वीर देख घूम गया माथा
बिहार के एक व्यक्ति ने अदालत में चपरासी की नौकरी के लिए आवेदन किया तो उसे अपने एडमिट कार्ड पर अपनी तस्वीर के बजाय एक गोल्डन रिट्रीवर कुत्ते की तस्वीर मिली.
रोहतास: जरा सोचिए आपने बहुत ही उम्मीद से नौकरी के लिए कहीं आवेदन दिया है, लेकिन जब आप एडमिट कार्ड देखते हैं तो आपका सिर घूम जाता है. एडमिट कार्ड पर आपकी जगह कुत्ते की फोटो लगी हो तो आप क्या करेंगे. कई लोगों को ये मजाक लग सकता है लेकिन यह सच है. बिहार के रोहतास में अदालत में नौकरी के लिए आवेदन करने वाले एक व्यक्ति के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. शख्स को अपने एडमिट कार्ड पर अपनी तस्वीर के बजाय गोल्डन रिट्रीवर कुत्ते की तस्वीर देखकर जबरदस्त झटका लगा.
गोल्डन रिट्रीवर कुत्ते की लगी थी तस्वीर
व्यक्ति की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है. उनके अनुसार, उन्होंने लगभग चार साल पहले भर्ती अभियान की अधिसूचना जारी होने के बाद बिहार जिला न्यायालय में चपरासी की नौकरी के लिए आवेदन किया था. आवेदन जमा करने पर उन्हें रसीद भी मिली थी.
हालांकि, 2022 से इंतजार के बाद, 15 मार्च, 2026 को होने वाली परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी किए गए. जब उन्होंने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उन्हें यह देखकर आश्चर्य हुआ कि उस पर गोल्डन रिट्रीवर कुत्ते की तस्वीर थी.
शिकायत दर्ज
उन्होंने इस गलती के संबंध में संबंधित भर्ती प्राधिकरण के पास कई शिकायतें दर्ज कराई हैं; हालांकि, परीक्षा की तारीख नजदीक होने के बावजूद उन्हें प्राधिकरण से उनके अनुरोधों के संबंध में कोई जवाब नहीं मिला है. कुमार अधिकारियों से अनुरोध कर रहे हैं कि वे त्रुटि को जल्द से जल्द ठीक करें ताकि वह बिना किसी बाधा के परीक्षा दे सकें.
क्या कहता है नियम?
आमतौर पर अगर किसी सरकारी परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में कोई गलती हो जाए तो संबंधित विभाग उसमें सुधार के लिए मौका जरुर देता है. इसके लिए कैंडिडेट को विभाग से संपर्क करना चाहिए. इसके लिए उनके आधिकारिक वेबासाइट पर जा सकते हैं.
और पढ़ें
- प्यार के लिए 'पवन एक्सप्रेस' से तय किया 2000 KM का सफर! मुंबई से मुजफ्फरपुर पहुंची आकांक्षा ने राजीव संग लिए सात फेरे
- गोपालगंज में दिखा शोले जैसा फिल्मी सीन, वीडियो में देखें कैसे प्रेमी की रिहाई के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला
- 'पापा ने 20 साल में जो किया उस पर गर्व है...', JDU में शामिल होते ही बोले निशांत कुमार