बिहार बाढ़ में उजड़े घर... अब सरकार देगी सहारा; आज 8.27 लाख परिवारों के खाते में आएंगे 7 हजार
बिहार में बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों को सरकार मंगलवार को 7-7 हजार रुपये की सहायता देगी. DBT के जरिए कुल 579.23 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे जाएंगे.
बिहार फिलहाल बाढ़ की चपेट में है. बिहार के कई गांव को बाढ़ के कारण पूरा का पूरा खाली करना पड़ा है. अब सरकार ने बाढ़ से जूझ रहे परिवारों की आर्थिक मदद करने का ऐलान किया है. मंगलवार को प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में सीधे 7 हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी. इस योजना के तहत 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों को लाभ मिलेगा. सरकार इसके लिए 579.23 करोड़ रुपये खर्च करेगी. राज्य के 15 जिलों में बाढ़ का असर है और करीब 49.36 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. हालांकि, अब कई नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है.
8.27 लाख परिवारों को मिलेगी राहत
सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 7 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. यह पैसा DBT के माध्यम से सीधे बैंक खातों में पहुंचेगा. मंगलवार को 8,27,472 परिवारों के खातों में राशि भेजे जाने की तैयारी है. बाढ़ के कारण कई परिवारों का सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हुआ है. घरों में पानी पहुंचने से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हुआ. ऐसे में यह आर्थिक सहायता प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत का जरिया बन सकती है.
15 जिलों में बाढ़ का असर
राज्य के 15 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. इनमें पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं. इन जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतों तक बाढ़ का पानी पहुंचा है. आपदा प्रबंधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बाढ़ से करीब 49.36 लाख लोगों पर असर पड़ा है.
Also Read
कई नदियों का जलस्तर बढ़ा
लगातार बारिश के कारण गंगा, गंडक, कोसी और पुनपुन समेत कई नदियों में पानी बढ़ गया था. सितंबर में बिहार में अब तक 108.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से करीब 20 फीसदी अधिक है. नदी का बढ़ता जलस्तर कई इलाकों के लिए परेशानी का कारण बना. बाढ़ के चलते बड़ी संख्या में लोगों को प्रभावित क्षेत्रों में मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
हालात सुधर रहे, खतरा अभी बाकी
अब राज्य की ज्यादातर नदियों का जलस्तर कम होने लगा है, जिससे हालात में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है. हालांकि, कुछ नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. इसलिए प्रभावित इलाकों में चुनौती पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है. इसी बीच सीधे बैंक खातों में पहुंचने वाली 7 हजार रुपये की सहायता से प्रभावित परिवारों को जरूरी खर्च संभालने में मदद मिलने की उम्मीद है.