IPL 2026

'यह डायन है... ', पत्नी पर भीड़ ने किया हमला; बचाने गए 72 साल के पति को भी लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला

बिहार के मुजफ्फरपुर में एक महिला को डायन बताकर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. पत्नी को बचाने पहुंचे 72 वर्षीय मोहम्मद हदीम की पिटाई कर दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई.

Pinterest
Km Jaya

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के फकुली थाना क्षेत्र के फतेहपुर कस्तूरी गांव में अंधविश्वास के चलते एक दुखद घटना घटी है, जिसके वजह से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक ग्रामीणों के एक समूह ने एक महिला को डायन बताकर उसके घर पर हमला कर दिया. जब महिला के साथ मारपीट की जा रही थी, तो उसके 72 साल के पति मोहम्मद हादिम उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए.

वहां मौजूद लोगों और परिवार वालों का आरोप है कि हमलावरों ने हादिम को धक्का दिया और लाठियों व डंडों से पीटा. गंभीर रूप से घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़े और उसके तुरंत बाद ही उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.

क्या है पूरा मामला?

उनके परिवार के अनुसार ग्रामीणों का एक समूह पिछले तीन दिनों से लगातार महिला को परेशान और प्रताड़ित कर रहा था और उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगा रहा था. शनिवार की सुबह लगभग 6 से 7 लोगों की भीड़ उनके घर में घुस गई और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला बोल दिया. इस घटना से पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई और आस-पड़ोस से लोगों की भीड़ जमा हो गई लेकिन तब तक स्थिति पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी थी.

जांच के प्रभारी अधिकारी ने क्या बताया?

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया. जांच के प्रभारी अधिकारी अनिमेष चंद्र ज्ञानी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ से यह पता चला है कि ग्रामीणों का एक समूह वास्तव में महिला को डायन कहकर परेशान कर रहा था. कहा-सुनी और हाथापाई के दौरान हादिम को धक्का लगा और वह गिर पड़े, जिससे उन्हें चोट आई और यही चोट उनकी मौत का कारण बनी. 

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच सभी पहलुओं से कर रही है. परिवार ने यह भी बताया कि हादिम दिल की बीमारी से पीड़ित थे और अपने पोते की हाल ही में हुई मौत के कारण मानसिक रूप से भी परेशान थे. जिसके वजह से इस घटना ने परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है. पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.