धोनी-जहीर की पुरानी यारी अब CSK में मचाएगी तहलका, 2011 वर्ल्ड कप के साथी बने कोचिंग पार्टनर

चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2027 के लिए जहीर खान को नया हेड कोच बनाया है. इस फैसले में एमएस धोनी भी शामिल थे.

X
Ashutosh Rai

चेन्नई सुपर किंग्स ने नए दौर की शुरुआत करते हुए पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को हेड कोच बनाया है. टीम के क्रिकेट मैनेजमेंट में एमएस धोनी भी इस फैसले का हिस्सा थे. जहीर के सामने अब फ्लेमिंग की लंबी विरासत संभालने और युवा खिलाड़ियों वाली टीम तैयार करने की चुनौती होगी.

मैदान से शुरू हुई धोनी-जहीर की खास बॉन्डिंग

धोनी और जहीर की साझेदारी भारतीय टीम के सबसे यादगार दौर में भी देखने को मिली थी. 2011 वर्ल्ड कप में जहीर भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 21 विकेट लिए थे. धोनी को उनकी गेंदबाजी पर काफी भरोसा था. दोनों के बीच मैदान पर बनी समझ अब CSK में एक नई भूमिका के साथ नजर आएगी. जहीर के पास IPL का भी लंबा अनुभव है. वह मुंबई इंडियंस में क्रिकेट ऑपरेशंस की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर भी रहे हैं.

धोनी की सलाह

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद CSK को नए हेड कोच की तलाश थी. टीम के एमडी काशी विश्वनाथन ने बताया कि जहीर को चुनने के फैसले में धोनी शामिल थे और उनकी सलाह को नजरअंदाज नहीं किया जाता. इस बार टीम मैनेजमेंट भारतीय कोच की तरफ गया. जहीर के पास भारतीय खिलाड़ियों और IPL की परिस्थितियों की अच्छी समझ है. वह पहली बार किसी टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे.


जहीर के सामने CSK को नई दिशा देने की चुनौती

जहीर ऐसे समय CSK से जुड़े हैं जब टीम लगातार तीन सीजन प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी. फ्लेमिंग का 18 साल का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब फ्रेंचाइजी नए खिलाड़ियों और नई रणनीति पर काम करना चाहती है. जहीर की पहली बड़ी जिम्मेदारियों में टीम की रिटेंशन रणनीति और दिसंबर में होने वाली मिनी नीलामी की तैयारी शामिल होगी. धोनी अभी भी CSK के खिलाड़ी हैं और टीम मैनेजमेंट में उनकी भूमिका बनी हुई है. ऐसे में IPL 2027 में धोनी और जहीर की पुरानी समझ नए CSK सेटअप में खास नजर आएगी.