‘पहले पूरी बात जानिए…’ हर्षा भोगले पर यशस्वी जायसवाल का पलटवार, कही बड़ी बात

कोलंबो टेस्ट में 45 रन बनाकर आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल की असिथा फर्नांडो से बहस हो गई. हर्षा भोगले की टिप्पणी पर जायसवाल ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की.

Social Media
Meenu Singh

भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम ने 5 विकेट पर 300 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की. हालांकि, यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद मैदान पर हुई घटना ने मुकाबले का माहौल गरमा दिया. 45 रन बनाने वाले जायसवाल की असिथा फर्नांडो से बहस हुई. दिन का खेल खत्म होने के बाद इस घटना पर चर्चा हुई, जिसके बीच जायसवाल ने सोशल मीडिया पर अपनी बात खुलकर रखी. 

आउट होने के बाद फर्नांडो से भिड़े जायसवाल

जायसवाल पहली पारी में अच्छी लय में दिखाई दे रहे थे, लेकिन 45 रन पर आउट हो गए. पवेलियन लौटते समय उनकी श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो से कहासुनी हो गई. दोनों के बीच कुछ देर तक तीखी बातचीत हुई, हालांकि मामला ज्यादा आगे नहीं बढ़ा. इस घटना का वीडियो और इससे जुड़ी चर्चा दिन का खेल खत्म होने के बाद भी क्रिकेट जगत में बनी रही.


हर्षा भोगले की टिप्पणी पर जताई नाराजगी

भारतीय कमेंटेटर हर्षा भोगले ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद इस घटना पर बात की. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जायसवाल ने इस मामले में अपनी सीमा पार की थी. यह टिप्पणी भारतीय बल्लेबाज को पसंद नहीं आई. जायसवाल ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरी बात जाने बिना किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए. उन्होंने संकेत दिया कि जरूरत पड़ने पर भारतीय टीम जवाब देना जानती है.

कोटक ने माना, भावनाएं हावी हो गईं

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने माना कि संभव है फर्नांडो की ओर से कुछ कहा गया हो, जिसके बाद जायसवाल भावनाओं में बह गए. कोटक ने यह भी कहा कि जायसवाल को गेंदबाज के इतने करीब जाकर बहस नहीं करनी चाहिए थी. उनके मुताबिक, क्रिकेट में कभी-कभी गुस्से के कारण खिलाड़ी ऐसी प्रतिक्रिया दे बैठते हैं.

अब दूसरी पारी में जवाब देने का मौका

घटना के बाद जायसवाल मैदान से बाहर चले गए और विवाद आगे नहीं बढ़ा. हालांकि, इस पूरे मामले ने उनके अगले प्रदर्शन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. अब भारतीय बल्लेबाज के पास दूसरी पारी में बल्ले से जवाब देने का मौका होगा. 

लेकिन उससे पहले दोनों खिलाड़ियों पर ICC द्वारा कार्यवाही हो चुकी है. आईसीसी ने कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 के उलंघन का दोषी पाया गया है जिसके बाद दोनों को सजा सुनाई गई है. ICC ने दोनों पर उनके मैच फीस का 25 प्रतिशत और एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया.