WPL 2024: राधा-शैफाली के दम पर जीती दिल्ली कैपिटल्स, यूपी वॉरियर्स को 9 विकेट से रौंदा
WPL 2024 UPW vs DCW: दिल्ली और यूपी के बीच खेले गए मुकाबले में दिल्ली ने यूपी को 9 विकेट से करारी मात दी है.
WPL 2024 UPW vs DCW: विमेंस प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स और यूपी के बीच मुकाबला खेला गया. इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी विमेंस को 9 विकेट से करारी मात दी है. इस मैच में जहां राधा यादव ने 4 विकेट लेकर यूपी की कमर तोड़ दी तो वहीं शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़ा.
मैरिजेन-राधा ने तोड़ दी यूपी की कमर
टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. यूपी की शुरुआत बहुत ही खराब रही. 16 रन पर ही टीम की तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट गईं. टीम के लिए श्वेता सहरावत ने सबसे ज्यादा 45 रनों का योदगाद दिया. वहीं दिल्ली के लिए गेंदबाजी करते हुए राधा यादव ने 4 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. वहीं मैरिजेन कप्प ने 3 विकेट झटके. दोनों की जोड़ी ने यूपी को महज 119 रन पर रोक दिया.
शेफाली-मेग लैनिंग ने लगाया अर्धशतक
120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने बेहतरीन शुरुआत की. पहले विकेट के लिए कप्तान मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच 119 रनों की साझेदारी हुई. मेग लैनिंग ने 43 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली जबकि शेफाली ने 43 गेंदों में 64 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. शेफाली ने अपनी इस पारी में 4 छक्के और 6 चौके लगाए. दोनों की धुंआधार पारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी को 14.3 ओवर में ही 1 विकेट के नुकसान पर 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया.