T20 World Cup 2026

Women's World Cup 2025: साउथ अफ्रीका-इंग्लैंड की होगी जोरदार टक्कर! भारत में मुकाबले को कैसे देखें लाइव, क्या होगी दोनों टीमों की प्लेइंग 11

Women's World Cup 2025, ENG W vs SA W: भारत की मेजबानी में खेले जा रहे महिला वर्ल्ड कप 2025 में आज साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीम आमने-सामने आने वाली हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर आप इस मुकाबले को लाइव कैसे देख सकते हैं.

X
Praveen Kumar Mishra

Women's World Cup 2025, ENG W vs SA W: आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का चौथा मुकाबला 3 अक्टूबर को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की महिला टीमों के बीच खेला जाएगा. यह दोनों टीमों के लिए टूर्नामेंट का पहला मैच होगा और दोनों ही टीमें जीत के साथ अपनी शुरुआत करना चाहेंगी. यह मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है क्योंकि दोनों टीमें अपनी ताकत और रणनीति के साथ मैदान पर उतरेंगी. 

इंग्लैंड की महिला टीम को इस मुकाबले में थोड़ा मजबूत माना जा रहा है. हाल के वर्षों में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है और पिछले पांच वनडे में से तीन में जीत हासिल की है. दोनों टीमों के बीच पिछले दो मुकाबलों में भी इंग्लैंड ने बाजी मारी. हालांकि, उनकी पिछली हार भारत के खिलाफ 13 रनों से हुई थी लेकिन इंग्लैंड की बल्लेबाजी और गेंदबाजी में गहराई उनकी ताकत है. वहीं साउथ अफ्रीका की टीम को कम नहीं आंका जा सकता. उन्होंने अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को हराया था. इससे पहले साउथ अफ्रीका ने लगातार चार जीत दर्ज की थीं.

इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग 11

एमी जोन्स (विकेटकीपर), टैमी ब्यूमोंट, एम्मा लैम्ब, नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), सोफिया डंकले, डैनी व्याट-हॉज, चार्ली डीन, सोफी एक्लेस्टोन, लिंसी स्मिथ, लॉरेन फाइलर, लॉरेन बेल.

साउथ अफ्रीका की संभावित प्लेइंग 11

ताजमिन ब्रिट्स, लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसन, क्लो ट्रायॉन, सुने लुस, मारिजन कैप, नोंडुमिसो शंगासे, काराबो मेसो (विकेटकीपर), मसाबाता क्लास, तुमी सेखुखुने.

कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला

इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच यह मुकाबला आज यानी 3 अक्टूबर को खेला जाएगा. इस मुकाबले के लिए दोनों टीमें गुवाहटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. भारतीय समयानुसार इस मैच की शुरुआत दोपहर के 3 बजे से होने वाली है. तो वहीं मुकाबले के लिए टॉस 2:30 बजे होगा.

भारत में लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग

भारत में इस रोमांचक मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकता है. अगर आप ऑनलाइन स्ट्रीमिंग पसंद करते हैं, तो जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर यह मैच लाइव उपलब्ध होगा.