WI vs BAN: 46 साल बाद इस खिलाड़ी ने ODI में मारी सेंचुरी, हर जगह हो रही वाह-वाही
WI vs BAN: वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को तीसरे वनडे में 4 विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप की. डेब्यू कर रहे आमिर जंगू ने 104* रनों की मैच-विनिंग पारी खेली. बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 321 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत के बाद जंगू और केसी कार्टी की 132 रन की साझेदारी ने जीत सुनिश्चित की.
WI vs BAN: वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 12 दिसंबर को सेंट किट्स के वॉर्नर पार्क में खेला गया. वेस्टइंडीज की टीम ने पहले दो मैच जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर ली थी, जिससे आखिरी मैच में उनकी प्लेइंग 11 में बदलाव देखने को मिला. इस मुकाबले में 27 साल के विकेटकीपर और बल्लेबाज आमिर जंगू को डेब्यू करने का मौका मिला. जंगू ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और नाबाद शतक लगाकर टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई. इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप कर ली.
बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 5 विकेट पर 321 रन बनाए. इतने बड़े टारगेट के साथ वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही और 86 रन तक टीम ने अपने 4 विकेट गंवा दिए. इसके बाद आमिर जंगू और केसी कार्टी ने पारी को संभाला. दोनों ने 5वें विकेट के लिए 132 रनों की साझेदारी की.
केसी कार्टी 95 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन आमिर जंगू ने टीम को एक तरफ से संभाले रखा. उन्होंने गुडाकेश मोती के साथ 53 गेंदों में नाबाद 91 रन जोड़े और टीम को जीत दिलाई. जंगू ने 83 गेंदों में 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 104 रन बनाए. इसी के साथ वे 46 साल बाद वनडे डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले पहले वेस्टइंडीज खिलाड़ी बन गए.
वेस्टइंडीज का रिकॉर्ड रन चेज:
321 रनों के टारगेट के साथ वेस्टइंडीज ने वनडे में चौथी बार 300 से ज्यादा रनों के टारगेट को चेज किया. उनका सबसे बड़ा रन चेज 2019 में आयरलैंड के खिलाफ 328 रनों का था. बांग्लादेश की ओर से इस मैच में मेहदी हसन मिराज, सौम्य सरकार, महमूदुल्ला और जाकेर अली ने अर्धशतक बनाए, लेकिन उनकी टीम जीत हासिल नहीं कर सकी. वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन कर यह सीरीज क्लीन स्वीप की.