भारत में क्यों नहीं खेले जाते ज्यादा डे-नाइट टेस्ट मैच? जय शाह ने अब दिया इस सवाल का जवाब
Jay Shah on Pink Ball Test: भारत ने आखिरी बार 2022 में गुलाबी गेंद से डे-नाइट टेस्ट की मेजबानी की थी और इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वह अपना पांचवां टेस्ट इसी फॉर्मेट में खेलेगा. हालांकि इस बीच एक सवाल उठ रहा है कि भारतीय टीम ज्यादा डे-नाइट मैचों की मेजबानी क्यों नहीं करता है. अब इस सवाल का जवाब खुद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने दिया है.
Jay Shah on Pink Ball Test: भारत ने पहली बार नवंबर 2019 में कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट मैच की मेजबानी की थी. तब से भारत ने घरेलू मैदान पर तीन ऐसे मैच खेले हैं, लेकिन उसके बाद से बीसीसीआई ने इस तरह के मैचों को लेकर काफी सतर्कता बरती है.
2 साल से भारत ने नहीं खेला कोई डे-नाइट टेस्ट
हालांकि इन मैचों को लेकर काफी उत्साह रहा है, लेकिन भारत में पिछले दो साल से कोई डे-नाइट टेस्ट नहीं हुआ है, जबकि इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान एक पिंक-बॉल टेस्ट मैच खेला जाना है. बीसीसीआई सचिव जय शाह ने भारत में डे-नाइट टेस्ट की मेजबानी को लेकर बोर्ड के सतर्क रुख पर प्रकाश डाला है.
शाह ने बताया क्यों नहीं कराते ज्यादा पिंक बॉल टेस्ट
शाह ने कहा कि देश में पिंक-बॉल टेस्ट मैच आमतौर पर 2-3 दिनों के भीतर खत्म हो जाते हैं, जो पारंपरिक पांच दिवसीय प्रारूप और मैचों के प्रतिस्पर्धी संतुलन को कमजोर करता है.
शाह ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा, "आप पांच दिन के मैच का टिकट खरीदते हैं, लेकिन खेल 2-3 दिनों में खत्म हो जाता है... कोई रिफंड नहीं है. मैं इस बारे में थोड़ा भावुक हूं.'
जानें कैसा रहा है भारतीय सरजमीं पर डे-नाइट टेस्ट का इतिहास
भारत का पहला पिंक-बॉल टेस्ट तीन दिनों के भीतर खत्म हो गया था, जब विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को एक पारी और 46 रनों से हराया था. लगभग एक साल बाद, भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ एक और डे-नाइट टेस्ट की मेजबानी की, जो सिर्फ दो दिनों में खत्म हो गया, जिसने दुनिया भर में आश्चर्य पैदा कर दिया.
यह मैच अपने असामान्य रूप से कम स्कोर के लिए मशहूर हुआ था, जिसमें भारत का पहली पारी का कुल स्कोर 145 सबसे अधिक था, और आखिरकार मेजबान टीम ने इंग्लैंड को 10 विकेट से बुरी तरह से हराया.
भारत के तीसरे घरेलू पिंक-बॉल मुकाबले में भी तेजी से जीत का सिलसिला जारी रहा, जहां उसने श्रीलंका को 238 रनों से आसानी से हराया. हालांकि, यह आखिरी बार था जब भारत ने घरेलू मैदान पर डे-नाइट टेस्ट की मेजबानी की थी.
आईसीसी ने भारत को महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी का ऑफर दिया
शाह ने यह भी खुलासा किया कि आईसीसी ने बीसीसीआई से महिला टी20 विश्व कप (जो इस साल अक्टूबर-नवंबर में होना है) की मेजबानी करने का अनुरोध किया था. इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल हुई और लगातार विरोध प्रदर्शनों के साथ देश अशांति की स्थिति में है. हालांकि, बीसीसीआई ने इस अनुरोध को ठुकरा दिया.
शाह ने कहा,"अगले साल हम 50 ओवरों का महिला विश्व कप की मेजबानी करेंगे. हम कोई संकेत नहीं देना चाहते कि हम लगातार विश्व कप की मेजबानी करना चाहते हैं."