'नाम नहीं, फॉर्म ही तय करेगी भविष्य...', रोहित के बाद अब विराट की बारी, अश्विन ने दे दी बड़ी चेतावनी
रोहित की ODI से विदाई की खबरों के बीच विराट कोहली के भविष्य को लेकर भी अटकलें लग रही हैं.
भारतीय क्रिकेट में रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर चर्चा जारी है. इसी बीच विराट कोहली के भविष्य को लेकर भी अटकलें शुरू हो गई हैं. एक भारतीय दिग्गज ने साफ कहा है कि अब टीम में जो परफॉर्म करेगा, वो ही वर्ल्ड कप में खेल पाएगा.
रोहित के बाद अब विराट पर भी चर्चा
रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर हाल के दिनों में कई तरह की खबरें सामने आई हैं. रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि चयन समिति 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देने की योजना बना रही है. इसी बीच रविचंद्रन अश्विन ने विराट कोहली को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि मौजूदा माहौल में सिर्फ बड़े नाम होने से टीम में जगह पक्की नहीं रहती. हर खिलाड़ी को लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा. अश्विन का मानना है कि अगर कोई खिलाड़ी लंबे समय तक रन नहीं बनाता, तो उसके भविष्य पर भी सवाल उठ सकते हैं.
अश्विन ने विराट की तारीफ भी की
रविचंद्रन अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कहा कि विराट कोहली इस समय शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद विराट को इतने अच्छे टच में देखा जा रहा है. अश्विन चाहते हैं कि कोहली आने वाले बड़े विदेशी दौरों में भी भारतीय टीम का हिस्सा बने रहें. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट में कोई भी खिलाड़ी सुरक्षित नहीं माना जा सकता. उन्होंने रोहित शर्मा का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके प्रदर्शन को भी खराब नहीं कहा जा सकता, फिर भी उनके भविष्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है.
Also Read
- Rohit Sharma Retirement: 46 गेंदों के आगे फींकी पड़ गई 33 सेंचुरी, 19 जुलाई को लगेगा रोहित के 19 साल के सफर पर पूर्ण विराम!
- Rohit Sharma Retirement: लंदन पहुंचे रोहित शर्मा के माता-पिता, क्या कल होगा 'HITMAN' का आखिरी शो?
- मां बनाती थीं खिलाड़ियों का खाना, बेटी ने कुश्ती में रचा इतिहास; अब रूस में लहराएगी तिरंगा
शानदार फॉर्म में हैं विराट कोहली
विराट कोहली का हालिया वनडे प्रदर्शन उनके शानदार फॉर्म की कहानी बता रहा है. उन्होंने इस साल खेले गए पांच वनडे मैचों में 310 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 62 और स्ट्राइक रेट 103.33 रहा है. लगातार रन बनाने के बावजूद अश्विन का मानना है कि खिलाड़ियों को अपनी लय बनाए रखनी होगी. भारतीय टीम अब भविष्य की योजना पर भी काम कर रही है और ऐसे में हर खिलाड़ी के प्रदर्शन पर नजर रखी जाएगी.