'मैदान पर अब कुछ भी पर्सनल नहीं बचा! वो रोबो-डॉग तो... ', 6-6 कैमरों पर भड़के विराट कोहली

IPL 2026 में क्रिकेट के किंग कहलाए जाने वाले कोहली ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कई बड़े बयान दिए. उसमें से एक बयान उन्होंने कैमरे और उनके पीछे भागते रोबो डॉग को लेकर दिया. 

X
Ashutosh Rai

इंडियन प्रीमियर लीग अब सिर्फ क्रिकेट का मैदान नहीं रहा है. यह एक ग्लैमर और सोशल मीडिया एंगेजमेंट का बहुत बड़ा मंच बन गया है. हर पल को वायरल मोमेंट बनाने की होड़ में स्टार खिलाड़ियों पर कैमरे की खास नजर रहती है. इसी होड़ में देश के सबसे बड़े खिलाड़ी विराट कोहली को सबसे ज्यादा परेशान किया जाता है. किंग कोहली ने आरसीबी के एक पॉडकास्ट में बातचीत और प्रैक्टिस सेशन के दौरान हर जगह कैमरों की मौजूदगी पर नाराजगी जाहिर की.

'मुझे खेल पर जज करें, प्रैक्टिस पर नहीं'

डिजिटल दौर में फैन एंगेजमेंट के नाम पर खिलाड़ियों की प्राइवेसी छिन गई है. इसी से नाराज कोहली ने कहा कि वह मैच के दबाव का सबसे ज्यादा आनंद लेते हैं लेकिन हर समय कैमरे की नजर में रहना उन्हें अच्छा नहीं लगता है. उन्होंने आगे कहा, "जब आप प्रैक्टिस के लिए जाते हैं, तो आपके पीछे 6 कैमरे होते हैं. यह बिल्कुल भी आरामदायक एहसास नहीं है."

नेट्स में कैमरे से परेशान

कोहली का मानना है कि नेट्स में एक खिलाड़ी को शांति से अपनी कमियों पर काम करने की आजादी होनी चाहिए. अगर प्रैक्टिस का हर पल फिल्म बनाने और चीर-फाड़ करने के लिए रिकॉर्ड किया जाएगा, तो खिलाड़ी स्वाभाविक होकर नई चीजें ट्राई नहीं कर पाएगा. उनका  कहना है कि, "आप मुझे गेम के दौरान मेरे प्रदर्शन पर जज करें. किसी को भी मेरी तैयारी और नेट्स में मैं क्या कर रहा हूं, उस पर मुझे जज करने का अधिकार नहीं है."

रोबो-डॉग 'चंपक' की एंट्री

कोहली ने एक मजेदार किस्स भी सुनाया. उन्होंने बताया कि हाल ही में जब वह अपने दोस्त और दिग्गज क्रिकेटर केन विलियमसन से एक बेहद गंभीर मुद्दे पर बात कर रहे थे, तभी 'चंपक' नाम का एक रोबो-डॉग कैमरा वहां आ गया और हाथ हिलाने लगा. विराट ने बताया कि उन्होंने कैमरा कंट्रोल करने वाले व्यक्ति से तुरंत कहा कि उसे वहां से ले जाएं और उन्हें शांति से बात करने दें. विराट ने कहा, "केन मेरा दोस्त है. मैं उससे बिना कोई 'मोमेंट' बने बात नहीं कर सकता क्या? वरना कल को न्यूज में आ जाएगा कि किंग और केन मामा के बीच ये बात हुई."