IND vs AFG: कोहली के बाद रोहित-हार्दिक की चोट ने बढ़ाई आफत, अफगानिस्तान सीरीज से पहले टीम इंडिया पर टूटा मुसीबतों का पहाड़

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले विराट कोहली पहले ही चोट के कारण बाहर हो चुके हैं. अब रोहित शर्मा के साथ हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर भी सस्पेंस बना हुआ है.

X
Ashutosh Rai

अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लग सकता है. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के चोट के कारण बाहर होने के बाद अब पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की उपलब्धता भी सवालों के घेरे में है. रोहित अभी तक जरूरी फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए हैं. इसके कारण उनकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है.

रोहित शर्मा की फिटनेस पर क्यों बना है सस्पेंस?

पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझते नजर आए थे. इसी वजह से वह मुंबई इंडियंस के कई मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सके थे. हालांकि, चयनकर्ताओं ने उन्हें अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम में शामिल किया था. उन्होंने यह साफ कर दिया था कि अंतिम फैसला उनकी फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा. अब तक रोहित ने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट नहीं किया है, जहां चोट से उबर रहे खिलाड़ियों की निगरानी की जाती है. यही कारण है कि उनकी उपलब्धता को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. टीम प्रबंधन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं दिख रहा है. आने वाले महीनों में कई अहम अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाने हैं.

विराट के बाद दूसरा बड़ा झटका

भारत पहले ही विराट कोहली को इस सीरीज के लिए खो चुका है. आईपीएल फाइनल के दौरान लगी चोट के बाद उनके स्कैन में टेंडन की समस्या सामने आई थी. ऐसे में अगर रोहित भी फिट नहीं हो पाते हैं तो भारतीय बल्लेबाजी क्रम पर बड़ा असर पड़ सकता है.

यशस्वी जायसवाल बन सकते हैं सबसे मजबूत विकल्प

रोहित शर्मा सीरीज से बाहर होते हैं तो युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को मौका मिलने की संभावना सबसे ज्यादा मानी जा रही है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने हाल के महीनों में सीमित ओवरों के क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. उन्होंने अपने पिछले वनडे मुकाबले में शतक भी लगाया था, जिससे चयनकर्ताओं का भरोसा उन पर और बढ़ा है.

हार्दिक पांड्या की स्थिति पर भी नजर

रोहित के अलावा हार्दिक पांड्या की फिटनेस भी टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. आईपीएल के दौरान उन्हें पीठ से जुड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा था और फिलहाल उनकी भी निगरानी की जा रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार, हार्दिक को भी अंतिम मंजूरी से पहले फिटनेस टेस्ट देना होगा.