नई दिल्ली: IPL 2026 अब धीरे-धीरे निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा है. हर टीम अब प्लेऑफ में पहुंचने के लिए जंग लड़ रही है. लेकिन इस रेस में सबसे आगे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु चल रही है, जिसने बीती शाम कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर प्लेऑफ की ओर एक और कदम बढ़ाया है.
आरसीबी की इस जीत के पीछे टीम के हीरो विराट कोहली का बहुत बड़ा योगदान है. चेज मास्टर ने बुधवार को रायपुर के मैदान पर केकेआर के खिलाफ नाबाद 105 रन बनाकर एक बार फिर साबित कर दिया कि कोहली का बल्ला ज्यादा दिनों तक शांत नहीं रह सकता है. कोहली ने LSG और MI के खिलाफ लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद यह पारी खेली. KKR के खिलाफ इस मैच में विराट कोहली ने कई सारे रिकॉर्ड तोड़े हैं.
विराट कोहली ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 105 रनों की नाबाद पारी खेली. किंग कोहली द्वारा बनाया गया यह टी20 क्रिकेट में उनका 10वां शतक है. इस शतक के साथ ही कोहली क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
वह इस प्रारूप में 10 या उससे ज्यादा शतक बनाने वाले चौथे बल्लेबाज हैं, उनसे पहले क्रिस गेल (22), बाबर आजम (13) और डेविड वार्नर (10) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.