पाटीदार आउट या नॉट आउट? कोहली ने अंपायर पर उठाए सवाल; वीडियो वायरल
गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच में रजत पाटीदार के विवादित तरीके से आउट होने पर भारी बवाल हुआ. जेसन होल्डर के कैच को तीसरे अंपायर ने सही माना, जिससे विराट कोहली बहुत भड़क गए.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बेंगलुरु और गुजरात के बीच अहम आईपीएल मैच खेला जा रहा है. आरसीबी के रजत पाटीदार को बेहद विवादित तरीके से आउट दिया गया. अंपायर के इस फैसले से खलबली मच गई और डगआउट में बैठे विराट कोहली अपनी निराशा नहीं छिपा सके. उन्होंने सीमा रेखा से ही अंपायरों के खिलाफ अपनी गुस्सा जाहिर किया.
जेसन होल्डर का कैच
आरसीबी की पारी के आठवें ओवर में अर्शद खान ने एक शॉर्ट गेंद फेंकी. रजत पाटीदार ने इस पर पुल शॉट मारने का प्रयास किया, लेकिन गेंद हवा में ऊंची चली गई. डीप में दो फील्डर कैच के लिए दौड़े. लगा कि कगिसो रबाडा आसानी से कैच पकड़ लेंगे, लेकिन अचानक जेसन होल्डर वहां पहुंच गए और कैच लपक लिया. टीवी रीप्ले में दिखा कि फॉलो-थ्रू के दौरान होल्डर के हाथों से गेंद शायद जमीन को छू गई थी. इसके बाद शुरू हुआ विवाद.
विराट कोहली भड़के
रीप्ले देखने के बाद ऐसा लग रहा था कि फैसला बल्लेबाज के पक्ष में जाएगा, लेकिन तीसरे अंपायर ने सभी को हैरान कर दिया. अंपायर ने होल्डर के कैच को सही ठहराया और पाटीदार को आउट दे दिया गया. यह फैसला विराट कोहली को बिल्कुल रास नहीं आया. वह पहले ही आउट होकर डगआउट लौट चुके थे, लेकिन इस फैसले को देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा. पूर्व कप्तान को बाउंड्री लाइन के बाहर से ऑन-फील्ड अंपायरों से जोरदार बहस करते देखा गया.
आईपीएल के नियम
इस विवाद ने आईपीएल के क्लॉज 33.2 के नियमों पर फिर से बहस छेड़ दी है कि आखिर वैध कैच क्या होता है. नियम के अनुसार, कैच तभी सही है जब गेंद या फील्डर बाउंड्री के बाहर जमीन को न छुए. दिलचस्प बात है कि अगर गेंद फील्डर के हाथ में सुरक्षित है, तो हाथ जमीन को छूने पर भी कैच को फेयर माना जाता है.