'मुझे लगा कहीं विनेश की मौत न हो जाए', कोच ने बताया उस दिन दिमाग में क्या-क्या चल रहा था
Vinesh Phogat: विनेश फोगाट के कोच वोलर अकोस ने खुलासा किया है कि जब फाइनल मैच से पहले जब विनेश अपना वजन कम करने में जुटी थी तो आखिरी स्टेज में उनके चेहरे से पसीना गायब हो गया था. ऐसे में उन्हें डर था कि विनेश की मौत भी हो सकती है. कोच के इस खुलासे से साफ है कि विनेश ने जी जान लगा दी थी, इसके बाद भी उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा निकल गया.
Vinesh Phogat: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारतीय रेसलर विनेश फोगाट भले ही मेडल नहीं ला पाईं हों, लेकिन उन्होंने लाखों-करोड़ों देशवासियों का दिल जीत लिया. जिस तरह से विनेश ने तीन फाइट जीतकर फाइनल में दमदार एंट्री की वो काबिले तारीफ था. फाइनल से ठीक पहले उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा निकल गया, इसलिए उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया. वजन कम करने के लिए उन्होंने गोल्ड मेडल मैच से ठीक एक रात पहले खूब मेहनत की, कई जतन किए, लेकिन फिर भी 100 ग्राम वजन ज्यादा निकल गया. अब वो भारत वापस लौट आई थीं. इस बीच विनेश के कोच कोच वोलर अकोस का एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है.
विनेश फोगाट के कोच ने विनेश फोगाट के वजन घटाने पर दिल दहला देने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि फाइनल मैच से एक रात पहले साढ़े पांच घंटे तक वजन घटाने के बाद पहलवान की मौत हो सकती थी. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, हंगरी में एक फेसबुक पोस्ट में अकोस ने विनेश फोगाट के वजन कम करने पर प्रकाश डाला था. इस पोस्ट को बाद में हटा लिया गया था.
कोच ने क्या लिखा था
अकोस ने अपनी पोस्ट में लिखा था 'सेमीफाइनल के बाद, 2.7 किलोग्राम अतिरिक्त वजन था, हमने एक घंटे और बीस मिनट तक व्यायाम किया, लेकिन 1.5 किलोग्राम अभी भी बचा था, उसके शरीर पर पसीने की एक बूंद भी नहीं दिखाई दी. कोच ने पोस्ट में आगे लिखा था 'कोई विकल्प नहीं बचा था, और आधी रात से सुबह 5:30 बजे तक, उसने अलग-अलग कार्डियो मशीनों और कुश्ती के मूव्स पर काम किया. एक बार में लगभग तीन-चौथाई घंटे, दो-तीन मिनट के आराम के साथ. फिर उसने फिर से शुरू किया.
'मुझे लगा कहीं विनेश की मौत न हो जाए'
कोच अकोस ने पोस्ट में खुलासा किया था कि 'रात में लगातार वजन कम करने की कोशिश में वह (विनेश) गिर गई, लेकिन किसी तरह हमने उसे उठाया, और उसने सॉना में एक घंटा बिताया. मैं जानबूझकर ऐसा नहीं लिख रहा, लेकिन मुझे केवल यह याद है कि मैं सोच रहा था कि वह मर सकती है.'
विनेश फोगाट ने कोच से क्या कहा था?
कोच ने जो पोस्ट की थी, उसमें उन्होंने लिखा था "उस रात अस्पताल से लौटते समय हमारी बातचीत दिलचस्प रही. विनेश फोगट ने कहा, 'कोच, दुखी मत होइए, क्योंकि आपने मुझसे कहा था कि अगर मैं खुद को किसी मुश्किल स्थिति में पाती हूं और मुझे अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत होती है, तो मुझे यह सोचना चाहिए कि मैंने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ महिला पहलवान (राउंड ऑफ 16 में जापान की यूई सुसाकी) को हरा दिया है. मैंने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया. मैंने साबित कर दिया कि मैं दुनिया की सर्वश्रेष्ठ पहलवानों में से एक हूं. हमने साबित कर दिया है कि गेम प्लान काम करते हैं. पदक, पोडियम सिर्फ वस्तुएं हैं, प्रदर्शन को नहीं छीना जा सकता.'
CAS ने खारिज की अपील
दरअसल, पेरिस ओलंपिक में भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने महिलाओं की 50 किग्रा कुश्ती के फाइनल में एंट्री की थी. उन्होंने कम से कम सिल्वर मेडल पक्का किया था, लेकिन 100 ग्राम अधिक वजन के चलते अयोग्य घोषित कर दिया गया. इसके बाद विनेश ने CAS (खेल पंचाट न्यायालय) में ज्वाइंट सिल्वर मेडल मिलने की अपील की, जिसे बाद में खारिज कर दिया गया.