वैभव सूर्यवंशी का जलवा, IPL के फाइनल मैच में जय शाह के साथ बैठे नजर आए; सोशल मीडिया पर छाया न्यू हेयर स्टाइल
आईपीएल 2026 के फाइनल में राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी नए लुक में नजर आए. स्टेडियम में आईसीसी चेयरमैन जय शाह के साथ उनकी लंबी बातचीत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं.
नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात और बेंगलुरु के बीच हुए इस महामुकाबले को देखने पहुंचे राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अचानक सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. स्टेडियम के वीआईपी बॉक्स से सामने आईं उनकी कुछ खास तस्वीरों ने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया है.
मैदान पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले वैभव सूर्यवंशी फाइनल के दिन एक बिल्कुल नए और बेहद ट्रेंडी अवतार में नजर आए. उनका नया हेयरकट और बदला हुआ स्टाइल सोशल मीडिया पर फैंस के बीच कौतूहल का विषय बन गया. लोग उनके इस नए फैशन सेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं. हालांकि, इस मैच के दौरान उनके लुक से कहीं ज्यादा चर्चा उस शख्स की हो रही है जो उनके ठीक बगल वाली सीट पर मौजूद था.
आईसीसी चेयरमैन के साथ गुफ्तगू
मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी आईसीसी चेयरमैन जय शाह के ठीक बगल में बैठे नजर आए. दोनों के बीच काफी लंबे समय तक गंभीर बातचीत का दौर भी चला. इस खास मुलाकात के विज़ुअल्स इंटरनेट पर आते ही क्रिकेट गलियारों में कयासों का बाजार गर्म हो गया है. फैंस दावा कर रहे हैं कि वैभव का जल्द ही भारतीय टीम में चयन होने वाला है.
बल्ले से मचाया सीजन में कोहराम
बिहार के समस्तीपुर से ताल्लुक रखने वाले वैभव ने इस सीजन में बल्ले से ऐसा गदर मचाया कि इतिहास के पन्ने पलट गए. राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने इस साल 16 मैचों में करीब 48.50 की लाजवाब औसत से कुल 776 रन कूट डाले. इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में प्रतिष्ठित 'ऑरेंज कैप' पर कब्जा जमाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट रिकॉर्ड 237.30 का रहा.
गेल और पावरप्ले के रिकॉर्ड ध्वस्त
वैभव ने इस सीजन में अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के दम पर कुल 72 गगनचुंबी छक्के जड़े, जिसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का बरसों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. उन्होंने अपनी पारियों में 63 चौके भी लगाए. यही नहीं, वह टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिसने अकेले पावरप्ले के ओवरों में ही 500 से ज्यादा (521 रन) रन बनाने का कारनामा किया हो.