IPL 2026

'वो तो क्रिकेट के भगवान हैं...' वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी के कायल हुए सचिन तेंदुलकर, तारीफ सुनकर गदगद हुआ युवा स्टार

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल एलिमिनेटर में ऐसी तूफानी पारी खेली, जिससे कई लोग चौंक गए. इन इम्प्रेस हुए लोगों में दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर भी थे. उन्होंने ट्वीट कर वैभव की जमकर तारीफ की.

X
Ashutosh Rai

Vaibhav suryavanshi replied sachin Tendulkar: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी से सबको अपना कायल बना दिया. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 15 साल के इस बल्लेबाज ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उसने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. वैभव ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोके. वह सबसे तेज शतक से सिर्फ तीन रनों से चूक गए. उनकी इस विस्फोटक पारी की चर्चा हर तरफ हो रही है. इस ताबतोड़ पारी की चर्चा महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी की. अब उनके इस ट्वीट पर वैभव का भाुवक रिएक्शन आया है.

सचिन तेंदुलकर ने बांधे तारीफों के पुल

सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वैभव की तकनीक और आत्मविश्वास की खुलकर सराहना की. सचिन ने लिखा कि वैभव का बैट स्विंग और गेंद को खेलने का तरीका बेहद शानदार है. उन्होंने खास तौर पर युवा बल्लेबाज के फुटवर्क और दबाव में खेलने की क्षमता की तारीफ की.

सचिन का ट्वीट देख हैरान रह गए वैभव

मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी अपने साथी खिलाड़ी ध्रुव जुरेल के साथ बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान जुरेल ने उन्हें बताया कि सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की है. यह सुनते ही वैभव कुछ पल के लिए हैरान रह गए. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें ये अभी पता चला. वैभव ने कहा कि सचिन जैसे महान खिलाड़ी से तारीफ मिलना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है.

एलिमिनेटर में खेली यादगार पारी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए. वैभव ने अपनी 97 रन की पारी में 12 लंबे छक्के जड़े.

ऑरेंज कैप की दौड़ में टॉप पर वैभव

वैभव सूर्यवंशी इस सीजन में लगातार ताबतोड़ रन बना रहे हैं. एलिमिनेटर की पारी के बाद वह ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे पहुंच गए हैं. उन्होंने 15 मैचों में 680 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 240 से ज्यादा का रहा है.