IND U19 vs ENG U19 Final: वैभव सूर्यवंशी ने जड़ा तूफानी शतक, 175 रन बनाकर तोड़ डाले कई वर्ल्ड रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने 55 गेंदों में शतक पूरा किया. इसी के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप में कई रिकॉर्ड बना डाले हैं. वो इस  टूर्नामेंट के फाइनल में सेंचुरी लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं.

@CricCrazyJohns X account
Hemraj Singh Chauhan

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में सेंचुरी जड़कर नया इतिहास रच दिया है. उन्होंने मात्र 55 गेंदों में शतक पूरा किया. इसी के साथ उन्होंने वर्ल्ड कप में कई रिकॉर्ड बना डाले हैं. वो इस  टूर्नामेंट के फाइनल में सेंचुरी लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं.

इसी के साथ वैभव ने U19 वर्ल्ड कप में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है. ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजचुक के नाम अंडर 19 वर्ल्ड कप की सबसे तेज सेंचुरी जड़ने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 51 गेंद में जापान के खिलाफ ये कारनामा किया था. 

बेबी एबी का तोड़ा रिकॉर्ड

भारत टॉस जीतकर बल्लेबाजी कर रहा है. वैभव ने सिक्स जड़कर अपनी सेंचुरी जड़ी है. शतक जड़ने से पहले उन्होंने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया.उन्होंने अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. उनसे पहले ये रिकॉर्ड  बेबी एबी के नाम से मशहूर साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम था. उन्होंने साल अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में 20 छक्के मारे थे. वैभव ने ये रिकॉर्ड फरहान अहमद की गेंद पर तोड़ा.

175 रन बनाकर आउट

वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में 80 गेंदों में 175 रन ठोके. अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके-15 सिक्स जड़े. वो इसी के साथ फाइनल में भारत की तरफ से सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं. इससे पहले उन्मुक्त चंद ने  साल 2012 में अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया की तरफ से नाबाद 111 रन बनाए थे. वैभव की बात करें उनके अलावा पांच और बल्लेबाज अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में शतक जड़ चुके हैं.

71 गेंदों में जड़े 150 रन

वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कर में सबसे कम गेंदों में 150 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. 14 साल के वैभव की बात करें तो इस सीज़न की शुरुआत में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी 2025/26 के दौरान लिस्ट A में एक इनिंग में सबसे तेज 150 रन जड़े थे. उन्होंने 59 गेंदों में ये रन बनाए थे. उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप के दौरान सिडनी में वेस्ट इंडीज के खिलाफ एबी डिविलियर्स के 64 गेंदों में जड़े 150 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ा था.