शतक से चूके, लेकिन फिर भी क्रिस गेल का ये रिकॉर्ड ध्वस्त कर गए वैभव सूर्यवंशी
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में इतिहास रच दिया है. उन्होंने एक सीजन में सर्वाधिक 65 छक्के लगाकर महान बल्लेबाज क्रिस गेल का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में कई बड़े बल्लेबाजों ने अपनी ताकत का लोहा मनवाया है, लेकिन इस साल एक युवा खिलाड़ी ने जो कारनामा किया है, उसने दिग्गजों को हैरान कर दिया है. राजस्थान रॉयल्स के उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से रिकॉर्ड बुक को भी पूरी तरह से बदल कर रख दिया है. मैदान के हर कोने में शॉट लगाने की उनकी क्षमता ने गेंदबाजों में खौफ पैदा कर दिया है.
हैदराबाद के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने मुल्लांपुर के मैदान पर रनों की ऐसी बरसात की जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. उन्होंने महज 29 गेंदों का सामना करते हुए 97 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली. इस पारी की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि उन्होंने अपने 92 रन सिर्फ चौकों और छक्कों की मदद से बनाए. वैभव ने इस दौरान अपनी बल्लेबाजी में 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के जड़े.
क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त
इस धमाकेदार प्रदर्शन के साथ ही वैभव ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने इस साल कुल 65 छक्के लगाए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने साल 2012 में बेंगलुरु की तरफ से खेलते हुए 59 छक्के लगाए थे.
बिना अंतरराष्ट्रीय अनुभव के सबसे बड़े 'रनवीर'
वैभव की इस आतिशी बल्लेबाजी ने उन्हें आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला अनकैप्ड खिलाड़ी भी बना दिया है. उन्होंने इस सीजन में कुल 680 रन बनाए, जो किसी भी ऐसे भारतीय खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है जिसने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है. उन्होंने अपनी ही टीम के साथी खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल के 625 रनों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की.
दिग्गजों की सूची में शीर्ष पर स्थान
कम उम्र में ऐसा परिपक्व खेल दिखाने वाले वैभव ने लीग में कई बड़े मुकाम हासिल कर लिए हैं. वे अब तक पांच बार 20 से कम गेंदों में अर्धशतक पूरा कर चुके हैं. आईपीएल की एक पारी में दस या उससे अधिक छक्के लगाने के मामले में भी उन्होंने क्रिस गेल की बराबरी कर ली है.
सबसे तेज शतक के मामले में दूसरे स्थान पर
आज के मैच में वो भले ही शतक से चूक गए हो, लेकिन अभी भी सबसे तेज शतक के मामले में वो क्रिस गेल के बाद दूसरे स्थान पर काबिज हैं. उन्होंने साल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलते हुए महज 35 गेंदों पर शतक जड़ दिया था.