क्या वैभव तोड़ेंगे मास्टर ब्लास्टर का रिकॉर्ड? BCCI इस सीरीज में दे सकती है डेब्यू का मौका!

महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको चौंकाने वाले इस युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को अब टीम इंडिया में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. अगर ऐसा होता है, तो यह उनके करियर का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम होगा.

X (@Dilkesh1807)
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम अब अपने सीनियर्स खिलाड़ियों से आगे बढ़ रही है. अब टीम में लगातार नए युवा खिलाड़ियों को जगह मिल रही है. इसी क़ड़ी में मौजूदा समय में अपने बल्ले से शोर मचाने वाले भारत के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने को तैयार हैं.

महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको चौंकाने वाले इस युवा खिलाड़ी को अब टीम इंडिया में जगह मिलने की संभावना जताई जा रही है. अगर ऐसा होता है, तो यह उनके करियर का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम होगा.

आयरलैंड दौरे में मिल सकता है डेब्यू!

कुछ विश्वसनीय सूत्रों की माने तो सेलेक्टर्स जल्द ही वैभव सूर्यंवंशी को इंटरनेशनल क्रिकेट में लॉन्च कर सकते हैं. मुख्य चयनकर्ता अब वैभव को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उतारने की तैयारी कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि आगामी आयरलैंड दौरे के लिए संभावित खिलाड़ियों की सूची तैयार की है, जिसमें वैभव का नाम भी शामिल है. 

BCCI के एक सूत्र ने बताया कि उन्हें अन्य युवा खिलाड़ियों के साथ शॉर्टलिस्ट किया गया है. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर इस दौरे पर बेंच स्ट्रेंथ को परखने की योजना बना रही है.

IPL में धमाकेदार प्रदर्शन

वैभव ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए शानदार पारियां खेली हैं. उन्होंने RCB के खिलाफ 26 गेंदों में 78 रन, CSK के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन और MI के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. इसके अलावा उन्होंने पिछले साल अपने डेब्यू सीजन में ही शतक जड़कर सबको अपनी बल्लेबाजी का मुरीद बना लिया था. 

रिकॉर्ड तोड़ने की कगार पर

अगर वैभव को टीम इंडिया में मौका मिलता है, तो वह सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं. फिलहाल यह रिकॉर्ड क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने महज 16 साल 205 दिन की उम्र में इंटरनेशन क्रिकेट में कदम रखा था.