'विराट कोहली की वजह से ही...', टेनिस लीजेंड नोवाक जोकोविच ने 'किंग कोहली' को लेकर कह दी ये बात
ग्रैंड स्लैम चैंपियन और टेनिस के राजा जोकोविच ने टीम इंडिया के रन-मशीन किंग विराट कोहली को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है.
क्रिकेट और टेनिस के करोड़ों फैंस के लिए एक बेहद एक्साइटिंग और दिल जीत लेने वाली खबर है. 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन और टेनिस के महानतम खिलाड़ियों में शुमार नोवाक जोकोविच ने टीम इंडिया के रन-मशीन किंग विराट कोहली को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है. जोकोविच ने बताया है कि उनके देश सर्बिया में क्रिकेट भले ही मशहूर न हो, लेकिन विराट कोहली ही वह इकलौती वजह हैं जिसके चलते उन्होंने जेंटलमैन गेम को देखना और फॉलो करना शुरू किया है.
डिजिटल युग की विराट दोस्ती
लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स के दौरान मीडिया से बात करते हुए जोकोविच ने कोहली के प्रति अपना सम्मान जाहिर किया. उन्होंने बताया कि भले ही वे दोनों भौगोलिक रूप से हजारों किलोमीटर दूर हैं और शायद ही कभी एक मंच साझा किया हो, लेकिन सोशल मीडिया के जरिए दोनों गहरे दोस्त बन चुके हैं. जोकोविच ने कहा, "हां, विराट मेरे एक अच्छे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। सच कहूं तो, उनके कारण ही मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया, वरना पहले मैं इस खेल को बिल्कुल फॉलो नहीं करता था."
भारत में कोहली के साथ 'क्रिकेट-टेनिस' मैच की ख्वाहिश
इस महान टेनिस स्टार ने जल्द ही भारत आने की अपनी मजबूत इच्छा पर भी खुलकर बात की। जोकोविच ने कहा, "हम लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं। मैं यह नहीं कहूंगा कि 'अगर' मैं भारत आऊंगा, बल्कि मैं कहूंगा 'जब' मैं भारत आऊंगा, तो मुझे उम्मीद है कि विराट मेरे साथ जुड़ेंगे। हम मिलकर थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेल सकते हैं। हमारा मकसद सिर्फ मजे करना और खेल के जरिए दुनिया में पॉजिटिविटी फैलाना है।"
भारतीय फैंस के लिए खास संदेश
भारत के प्रति अपने प्यार का इजहार करते हुए जोकोविच ने कहा कि वह सालों से भारतीय फैंस से मिल रहे अपार प्यार के आभारी हैं. उन्हें काफी समय से भारत की मिट्टी से एक बुलावा महसूस हो रहा है और वह जल्द ही यहां आकर कोई इवेंट या मैच खेलना चाहते हैं क्योंकि वह खुद को भारतीयों के बहुत करीब महसूस करते हैं.
BIG 3 को लेकर कही ये बात
इसके अलावा, जब उनसे कार्लोस अल्काराज और जानिक सिनर जैसे युवा सितारों की प्रतिद्वंद्विता पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने युवा पीढ़ी की तारीफ जरूर की, लेकिन बेबाकी से यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनके लिए रोजर फेडरर, राफेल नडाल और खुद उनकी यानी 'बिग थ्री' (Big 3) की लिगेसी हमेशा सबसे महान रहेगी.