बुमराह बाहर, चोटों की मार जारी... टीम इंडिया की फिटनेस पर BCCI का बड़ा एक्शन
टीम इंडिया मौजूदा समय में इंजरी संकट में घिरती दिख रही है. जसप्रीत बुमराह के बाहर होने के बाद BCCI खिलाड़ियों की फिटनेस सिस्टम की समीक्षा करेगा लगातार चोटों ने प्रबंधन तथा कप्तान शुभमन गिल की चिंता बढ़ाई.
भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले फिटनेस समस्याओं से जूझ रही है. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण उन्हें सीरीज से बाहर होना पड़ा है. उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबीं को टीम में शामिल किया गया है. लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने से टीम प्रबंधन की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
BCCI करेगा मेडिकल सिस्टम की समीक्षा
भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड अब खिलाड़ियों की चोटों को लेकर गंभीर नजर आ रहा है. रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका सीरीज के बाद टीम के फिजियो कमलेश जैन, डॉक्टर रिजवान खान और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी. अगर समीक्षा में खामियां सामने आती हैं तो सहयोगी स्टाफ में बदलाव भी किया जा सकता है.
गौतम गंभीर और शुभमन गिल की बढ़ी चिंता
मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल लगातार फिटनेस समस्याओं से परेशान हैं. कई मौकों पर टीम को आखिरी समय में खिलाड़ियों की उपलब्धता के आधार पर रणनीति बदलनी पड़ी है. गिल ने भी खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर चिंता जताते हुए कहा था कि किसी खिलाड़ी के अचानक बाहर होने से पूरी योजना प्रभावित होती है.
Also Read
कई बड़े खिलाड़ी चोट से परेशान
जसप्रीत बुमराह के अलावा हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन भी फिटनेस समस्याओं से गुजर चुके हैं. इसके अलावा वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या जैसे खिलाड़ियों को भी चोटों का सामना करना पड़ा है. अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या खिलाड़ियों की रिकवरी और वर्कलोड की सही निगरानी हो रही है या नहीं.
वर्कलोड और रिकवरी पर उठे सवाल
सूत्रों के अनुसार कुछ खिलाड़ी फिटनेस और रिकवरी के लिए बाहरी विशेषज्ञों की सलाह भी ले रहे हैं. बोर्ड समीक्षा के दौरान खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट, मेडिकल टीम और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बीच तालमेल जैसे मुद्दों पर चर्चा करेगा. आने वाले समय में टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त है, ऐसे में फिटनेस व्यवस्था को मजबूत करना बड़ी चुनौती होगी.