नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 19वें लीग मुकाबले में 13 फरवरी को कोलंबो में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब जिम्बाब्वे ने मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को 23 रनों से हरा दिया. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के स्टैंड-इन कप्तान ट्रैविस हेड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया.
जिम्बाब्वे को पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिला और टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 19.3 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई और उसे हार झेलनी पड़ी. टी20 विश्व कप टूर्नामेंट के इतिहास में यह दूसरी बार हुआ है, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी है. साल 2007 में खेले गए टूर्नामेंट में भी जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया था.
A perfect two from two record for Zimbabwe against Australia in #T20WorldCup matches 👏
— ICC (@ICC) February 13, 2026
More on their famous win 👉 https://t.co/DGcVByz7gH pic.twitter.com/UDJdtaXPz2
पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम को सलामी बल्लेबाज तदिवानाशे मारुमानी और ब्रायन बेनेट ने तेज शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रनों की अच्छी साझेदारी हुई. मारुमानी ने 21 गेंदों पर 35 रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत देकर आउट हुए. उनके बाद रयान बर्ल क्रीज पर आए और उन्होंने बेनेट के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े. बर्ल ने 30 गेंदों में 35 रन की उपयोगी पारी खेली.
इसके बाद ब्रायन बेनेट ने कप्तान सिकंदर रजा के साथ पारी को अंत तक संभाला. बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 64 रन बनाए और नाबाद रहे. उनकी पारी में 7 चौके शामिल थे. कप्तान सिकंदर रजा ने भी अंत में तेजी से रन बनाए और 13 गेंदों में 25 रन जोड़े, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल था. इस तरह जिम्बाब्वे ने चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने केवल 29 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने चार अहम विकेट गंवा दिए. जोश इंग्लिस 8 रन बनाकर आउट हुए, कप्तान ट्रैविस हेड 17 रन ही बना सके, जबकि कैमरून ग्रीन और टिम डेविड खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए.
शुरुआती झटकों के बाद ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ ने पारी संभालने की कोशिश की और दोनों के बीच 77 रन की साझेदारी हुई. हालांकि, मैक्सवेल 32 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हो गए और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी फिर बिखर गई. मैट रेनशॉ ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 65 रन बनाए, जो उन्होंने 44 गेंदों में बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा साथ नहीं मिला. पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई.
इस मुकाबले के साथ दोनों टीमों का इस टूर्नामेंट में दूसरा मैच था. ऑस्ट्रेलिया ने अपने पहले मैच में आयरलैंड को हराकर जीत के साथ शुरुआत की थी, जबकि जिम्बाब्वे ने अपने पहले मुकाबले में ओमान को हराया था. लेकिन इस मैच में जिम्बाब्वे ने शानदार खेल दिखाते हुए बड़ी टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर टूर्नामेंट में मजबूत संदेश दिया.