नई दिल्ली: बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की भारी जीत के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के अध्यक्ष तारिक रहमान से फोन पर बात करके उन्हें बधाई दी. पीएम मोदी ने इस जीत को लोगों की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक भरोसे का प्रतीक बताया.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने तारिक रहमान से बातचीत कर चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता के लिए शुभकामनाएं दी.
उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नई सरकार बांग्लादेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेगी. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत बांग्लादेश की जनता के विकास और स्थिरता के प्रयासों में हमेशा सहयोग करता रहेगा.
Delighted to speak with Mr. Tarique Rahman. I congratulated him on the remarkable victory in the Bangladesh elections.
I conveyed my best wishes and support in his endeavour to fulfil the aspirations of the people of Bangladesh.
As two close neighbours with deep-rooted…— Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2026Also Read
अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और बांग्लादेश के बीच पुराने और मजबूत रिश्तों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि दोनों देश केवल पड़ोसी ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं. उन्होंने दोहराया कि भारत हमेशा दोनों देशों के लोगों की शांति, प्रगति और खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी रहेगा.
इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर तारिक रहमान को चुनावी जीत की बधाई दी थी. उन्होंने इस सफलता को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का प्रतीक बताया था. गौरतलब है कि बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी और उसके सहयोगी दलों ने बड़ी जीत हासिल की है. 300 सदस्यीय संसद में गठबंधन ने दो-तिहाई से ज्यादा सीटें जीत ली हैं. यह नतीजा बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है. यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद पहला बड़ा आम चुनाव था, इसलिए इसकी अहमियत और भी बढ़ गई है.
लंबे समय बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी को दक्षिण एशिया की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है. चुनाव जीतने के बाद पार्टी ने बांग्लादेश की जनता का धन्यवाद किया है. और साथ ही पार्टी नेतृत्व ने अपने समर्थकों से कहा है कि वे जीत का सार्वजनिक जश्न न मनाएं. बीएनपी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे शुक्रवार की नमाज अदा करें और पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को याद करें.
विश्लेषकों का मानना है कि बीएनपी की इस जीत के बाद बांग्लादेश की नीतियों और क्षेत्रीय राजनीति में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को लेकर दोनों पक्षों की ओर से सकारात्मक संकेत दिए गए हैं. प्रधानमंत्री मोदी के संदेश को भी इसी दिशा में एक भरोसेमंद कदम माना जा रहा है, जिससे दोनों देशों के संबंध आगे भी मजबूत बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है.