menu-icon
India Daily

T20 World Cup, PAK vs SL: न्यूजीलैंड को हराकर इंग्लैंड ने दी पाकिस्तान को सेमीफाइनल की उम्मीद! जानें पूरा समीकरण

सुपर 8 ग्रुप 2 में इंग्लैंड टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. अब दूसरे पायदान के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सीधी टक्कर है. आज पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच से ग्रुप 2 के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो जाएगी.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
T20 World Cup, PAK vs SL: न्यूजीलैंड को हराकर इंग्लैंड ने दी पाकिस्तान को सेमीफाइनल की उम्मीद! जानें पूरा समीकरण
Courtesy: @iamAhmadhaseeb X account

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान की सेमीफाइनल की उम्मीदें लगभग खत्म होती नजर आ रही थीं, लेकिन एक रोमांचक मुकाबले ने उनकी किस्मत फिर से जगा दी. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मैच में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट का पूरा समीकरण बदलकर रख दिया. इस नतीजे से पाकिस्तान को सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने का एक और सुनहरा मौका मिल गया है.

सुपर 8 ग्रुप 2 में इंग्लैंड टीम पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. अब दूसरे पायदान के लिए न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सीधी टक्कर है. न्यूजीलैंड ने तीन मैचों में तीन अंक जुटाए हैं और उसका नेट रन रेट +1.390 है, जबकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पास दो मैचों में एक ही अंक है और उसका नेट रन रेट -0.461 है.  पाकिस्तान का एक मुकाबला अभी बाकी है. बता दें आज पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, पल्लेकेले में सुपर 8 का अहम मुकाबले खेला जाना है. 

इंग्लैंड की जीत से बदला समीकरण

अगर न्यूजीलैंड यह मैच जीत जाता तो उसके पांच अंक हो जाते और वह सीधे सेमीफाइनल में पहुंच जाता. ऐसे में पाकिस्तान के पास आगे बढ़ने का कोई रास्ता नहीं बचता. लेकिन इंग्लैंड की जीत ने सलमान आगा की टीम को उम्मीद की नई किरण दी है.

पाकिस्तान के सामने क्या चुनौती?

अब पाकिस्तान को अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका को हर हाल में हराना होगा. इस मैच में पाकिस्तान के लिए सिर्फ जीत ही मायने नहीं रखेगी, बल्कि टीम को इसे बड़े अंतर से जीतना होगा. ताकि उनका नेट रन रेट न्यूजीलैंड से बेहतर हो सके. 

गणित के अनुसार, अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करती है तो उन्हें 64 रन से जीत दर्ज करनी होगी. वहीं अगर टीम लक्ष्य का पीछा करती है तो उसे लगभग 13.1 ओवर में ही मैच खत्म करना होगा. लेकिन अगर पाकिस्तान ये करने में नाकाम हो जाती है तो न्यूजीलैंड नेट रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेगी. 

बारिश और पिछले नतीजों का असर

हालांकि एक सवाल ये भी है कि अगर बारिश इस मैच में खलल डालती है तो मैच का नतीजा कैसे निकलेगा. तो बता दें अगर पाकिस्तान और श्रीलंका का मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिल जाएगा. इस आधार पर न्यूजीलैंड के 4 अंक हो जाएंगे वहीं पाकिस्तान के खाते में कुल 2 ही अंक होंगे. ऐसे में न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में प्रवेश कर लेगी.