T20 World Cup 2026

T20 World CUP 2026: वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद रहकर शिवम दुबे ने युवराज सिंह को पछाड़ा, बनाया ये खास रिकॉर्ड

संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की ऐतिहासिक पारी और शिवम दुबे के शानदार फिनिश की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है.

X/@kumarse18
Kanhaiya Kumar Jha

नई दिल्ली: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए सुपर-8 के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट से करारी शिकस्त दी. 196 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने चार गेंद शेष रहते जीत हासिल कर सेमीफाइनल का टिकट कटाया. संजू सैमसन ने इस मैच में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक खेली. यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत द्वारा सफलतापूर्वक चेज किया गया अब तक का सबसे बड़ा टारगेट है.

ईडन गार्डन्स के मैदान पर संजू सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी से समां बांध दिया. उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए नाबाद 97 रनों की यादगार पारी खेली. जब टीम को अंतिम ओवर में रनों की दरकार थी, तब सैमसन ने धैर्य नहीं खोया. उन्होंने 20वें ओवर में शानदार छक्का और चौका जड़कर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई. उनकी इस पारी ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप में लक्ष्य का पीछा करने का नया कीर्तिमान स्थापित करने में मदद की.

मैच के नाजुक मोड़ पर ऑलराउंडर शिवम दुबे बल्लेबाजी करने उतरे. 19वें ओवर में जब दबाव बढ़ रहा था, तब दुबे ने दो मज़बूत चौके लगाकर समीकरण को भारत के पक्ष में मोड़ दिया. उनके इन दो बाउंड्री ने आखिरी ओवर के प्रेशर को पूरी तरह खत्म कर दिया. दुबे ने केवल चार गेंदों का सामना किया और 8 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनके इस छोटे लेकिन प्रभावशाली योगदान ने सैमसन के लिए जीत की राह को काफी आसान बना दिया था.

युवराज सिंह का रिकॉर्ड ध्वस्त 

इस शानदार जीत के साथ ही शिवम दुबे ने एक बड़ा व्यक्तिगत रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा बार नाबाद रहने के मामले में दिग्गज युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया है. दुबे अब तक 10 बार नाबाद रहे हैं और हर बार भारत को जीत मिली है. युवराज 9 बार नाबाद रहते हुए टीम को जीत दिलाने में सफल रहे थे. दुबे अब भारतीय क्रिकेट के नए 'फिनिशर' बनकर उभर रहे हैं.

धोनी और कोहली के क्लब में एंट्री 

टी20 चेज में नाबाद रहने की सूची में महेंद्र सिंह धोनी 20 बार के साथ शीर्ष पर हैं. उनके बाद विराट कोहली 18 बार नाबाद रहकर दूसरे स्थान पर काबिज हैं. शिवम दुबे अब दिनेश कार्तिक (14) और हार्दिक पांड्या (11) के बाद इस विशिष्ट सूची में शामिल हो गए हैं. उनके साथ सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा भी 10-10 बार नाबाद रहे हैं. यह आंकड़े बताते हैं कि भारतीय बल्लेबाजी क्रम में मैच खत्म करने की काबिलियत कितनी शानदार है.

टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने जीत के बाद शिवम दुबे की जमकर तारीफ की. गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दुबे के वे दो चौके उतने ही महत्वपूर्ण थे जितने सैमसन के 97 रन. उन्होंने जोर दिया कि क्रिकेट हमेशा एक टीम गेम रहेगा और हमें केवल व्यक्तिगत स्कोर के बजाय छोटे योगदानों की भी सराहना करनी चाहिए. गंभीर के अनुसार, दुबे के उन चौकों ने ही सैमसन की पारी को सही मायने में मैच विजेता बनाने का काम किया.