Holi 2026

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मुकाबलों में भारत-इंग्लैंड की हैट्रिक, पिछले दो मैचों में कौन किस पर था भारी?

टी20 विश्व कप 2022 में दोनों टीमों का आमना-सामना अंतिम-4 में हुआ था. यह मैच ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल में खेला गया था. इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा अंदाज में हराया था.

x
Anuj

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है. सुपर-8 राउंड खत्म होने के बाद सभी कि नजर अब सेमीफाइनल पर टिकी है. अंतिम-4 के लिए 4 टीमों के नाम तय हो गए हैं. इनमें भारत, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का नाम शामिल है. 

सेमीफाइनल में भारतीय टीम का मुकाबला इंग्लैंड से होगा. यह मैच 5 मार्च को मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. खास बात यह है कि टी20 विश्व कप इतिहास में लगातार तीसरी बार भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे. इससे पहले 2022 और 2024 में आयोजित टी20 विश्व कप में भी दोनों टीमें सेमीफाइनल में टकरा चुकी है.

इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा हराया

टी20 विश्व कप 2022 में दोनों टीमों का आमना-सामना अंतिम-4 में हुआ था. यह मैच ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल में खेला गया था. इस मैच में इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा अंदाज में हराया था. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 168 रन बनाए थे.

कोहली-हार्दिक की अहम पारी

हार्दिक पंड्या ने 63 और विराट कोहली ने 50 रन की अहम पारी खेली थी. लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली थी. एलेक्स हेल्स (86) और जोस बटलर (80) की शानदार बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज बेबस नजर आए थे. इंग्लैंड ने बाद में फाइनल जीतकर खिताब भी अपने नाम किया था.

भारत ने इंग्लैंड से लिया बदला

साल 2024 में आयोजित टी20 विश्न कप के सेमीफाइनल में एक बार फिर भारत और इंग्लैंड की टक्कर हुई. यह मैच गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम (जॉर्जटाउन) में खेला गया. इस बार भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 68 रन से मैच अपने नाम किया.

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रन बनाए. कप्तान रोहित शर्मा ने 57 और सूर्यकुमार यादव ने 47 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड की टीम 103 रन पर सिमट गई. गेंदबाजी में कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 3-3 विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह को 2 सफलता मिली. भारत ने बाद में फाइनल जीतकर 2024 का खिताब भी अपने नाम किया था.

भारत-इंग्लैंड का प्रदर्शन

भारत और इंग्लैंड के बीच पिछले दोनों टी20 विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले एकतरफा रहे हैं. 2022 में इंग्लैंड ने पूरी तरह दबदबा बनाया, जबकि 2024 में भारत ने शानदार जीत दर्ज की. इस बार का सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा. इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट में बहुत मजबूत प्रदर्शन नहीं कर पाई है, लेकिन महत्वपूर्ण मौकों पर जीत हासिल कर आगे बढ़ी है. ग्रुप चरण में उसे नेपाल और इटली के खिलाफ करीबी मुकाबलों में जीत मिली. सुपर-8 में भी उसके मैच कड़े रहे.

वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में भारतीय टीम भी अपने चिर परिचित अंदाज में क्रिकेट नहीं खेल रही है. टीम के कुछ प्रमुख खिलाड़ी फॉर्म हासिल करने की कोशिश में हैं. इसके बावजूद टीम संतुलन और अनुभव के दम पर सेमीफाइनल तक पहुंची है.