श्रीलंका का 'मिशन 2027', टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद मिला नया कोच, भारत को बनाया था विश्व विजेता
गैरी कर्स्टन श्रीलंका टीम के लिए तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी20 में मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे. उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम को फिर से मजबूत बनाना और आने वाले बड़े टूर्नामेंटों के लिए तैयार करना होगा
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद श्रीलंका क्रिकेट ने बड़ा फैसला लिया है. टूर्नामेंट में खराब नतीजों के बाद नए बदलाव की शुरुआत करते हुए दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज गैरी कर्स्टन को श्रीलंका पुरुष क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है. वह 15 अप्रैल से आधिकारिक रूप से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे और उन्हें दो साल के अनुबंध पर नियुक्त किया गया है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. टीम सुपर-8 चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी. मेजबान श्रीलंका को सुपर-8 राउंड में एक भी मैच में जीत नहीं मिली थी. इस निराशाजनक नतीजे के बाद मुख्य कोच सनथ जयसूर्या ने अपने पद से हटने का फैसला किया. इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने नए कोच की तलाश शुरू की और आखिरकार गैरी कर्स्टन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई.
गुरु गैरी को बड़ी जिम्मेदारी
गैरी कर्स्टन श्रीलंका टीम के लिए तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी20 में मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगे. उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती टीम को फिर से मजबूत बनाना और आने वाले बड़े टूर्नामेंटों के लिए तैयार करना होगा. खास तौर पर उनका ध्यान ICC वनडे विश्व कप 2027 पर रहेगा. टीम प्रबंधन चाहता है कि 2027 के विश्व कप में श्रीलंका मजबूत वापसी करे और बेहतर प्रदर्शन दिखाए.
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने क्या कहा?
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि कर्स्टन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय टीम को 2027 के वनडे विश्व कप के लिए तैयार करना होगा. बोर्ड के अनुसार, कर्स्टन के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और कोचिंग का लंबा अनुभव है, जो टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है. खिलाड़ी के रूप में भी कर्स्टन का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने 1993 से 2004 के बीच दक्षिण अफ्रीका के लिए खेलते हुए टेस्ट और वनडे मिलाकर 14 हजार से अधिक रन बनाए थे. उनके नाम टेस्ट में 21 और वनडे में 13 शतक दर्ज हैं.
कोचिंग करियर रहा सफल
गैरी कर्स्टन का कोचिंग करियर भी काफी सफल रहा है. उनके मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने साल 2011 में वनडे विश्व का खिताब जीता था, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास की बड़ी उपलब्धियों में से एक है. इसके बाद उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की टीम को भी कोचिंग दी. वह पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच भी रह चुके हैं. हालांकि, वहां उनका कार्यकाल विवादों में रहा और टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. अब श्रीलंका क्रिकेट को उम्मीद है कि कर्स्टन के अनुभव और रणनीति से टीम को नई दिशा मिलेगी और आने वाले वर्षों में वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फिर से मजबूत पहचान बना पाएगी.
और पढ़ें
- भारत के विश्व विजेता बनने के पीछे 'जिम्बाब्वे फैक्टर', 3 विश्व कप में देखने को मिला ये अजब गजब संयोग
- भारत की जीत के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में आया भूचाल, युवा क्रिकेटर ने संन्यास का किया ऐलान
- मुश्किल वक्त में सिर्फ जय शाह...वीडियो में देखें कैसे टी20 वर्ल्ड कप जीत पर भावुक हुए गौतम गंभीर; इन लोगों को समर्पित की ट्रॉफी