ENG vs NEP: इंग्लैंड की नेपाल ने अटका दी सांसे, आखिरी गेंद में हार के 'कलंक' से बाल-बाल बचे
टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे दिन इंग्लैंड और नेपाल के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस सांस थाम देने वाले मैच में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराया.
मुंबई: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पांचवां मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक साबित हुआ. मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लैंड ने नेपाल को कड़ी टक्कर के बाद 4 रन से हरा दिया.
मुकाबले का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ, जिससे स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की सांसें थमी रही. नेपाल की टीम ने अंत तक हार नहीं मानी और मजबूत इंग्लिश टीम को जीत के लिए पूरा जोर लगाना पड़ा.
इंग्लैंड ने जीता टॉस
इस मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में ओपनर फिल साल्ट केवल 5 रन के कुल स्कोर पर आउट हो गए. इसके बाद कप्तान जोस बटलर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं सके. बटलर ने 17 गेंदों पर 26 रन बनाए और पांचवें ओवर में अपना विकेट गंवा बैठे. शुरुआती झटकों के बाद इंग्लैंड को संभालने का काम जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक ने किया.
185 रनों का मिला लक्ष्य
जैकब बेथेल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जमाया. उनके साथ हैरी ब्रूक ने भी तेजी से रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों के बीच अच्छी साझेदारी देखने को मिली, जिसकी बदौलत इंग्लैंड की टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई. इन दोनों की फिफ्टी के दम पर इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए. नेपाल की ओर से गेंदबाजी में दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव सबसे सफल रहे, जिन्होंने दो-दो विकेट लिए. वहीं, संदीप लामिछाने और शेर मल्ला को एक-एक सफलता मिली.
नेपाल की शानदार शुरूआत
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम ने शानदार शुरुआत की. चौथे ओवर में टीम को पहला झटका लगा. 37 रन के स्कोर पर आसिफ शेख आउट हो गए. इसके बाद कुशल भुर्तेल भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 42 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए. इसके बाद कप्तान रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी ने पारी को संभाला. दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हुई और 12वें ओवर में ही नेपाल का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया.
दो ओवर में जीत के लिए 24 रनों की जरूरत
15वें ओवर में 124 रन के स्कोर पर दीपेंद्र सिंह का विकेट गिरा, जिससे नेपाल को बड़ा झटका लगा. इसके बाद 16वें ओवर में कप्तान रोहित पौडेल भी आउट हो गए. उस समय टीम का स्कोर 126 रन था. इसके बाद आरिफ शेख भी 146 रन के कुल स्कोर पर आउट हो गए, लेकिन मैच का रोमांच खत्म नहीं हुआ. लोकेश बाम ने मोर्चा संभाल लिया और 18वें ओवर में जोफ्रा आर्चर के ओवर में दो शानदार छक्के जड़ दिए. इसके चलते नेपाल को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 24 रनों की जरूरत थी.
इंग्लैंड ने 4 रन से जीता मैच
आखिरी दो ओवर बेहद रोमांचक रहे. 19वें ओवर में चौके, वाइड और सिंगल्स के साथ नेपाल ने रन जुटाए, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर गुलसन झा बोल्ड हो गए. अंतिम ओवर में नेपाल को 10 रन चाहिए थे. लोकेश बाम ने पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरी गेंद पर 6 रन की जरूरत होने पर वह केवल एक रन ही बना सके. इसी के साथ इंग्लैंड ने यह मुकाबला 4 रन से जीत लिया.