menu-icon
India Daily

यह सब दिखावा है... स्टुअर्ट ब्रॉड ने इमाम-उल-हक की चोट पर उठाए सवाल, बोेले- कैमरों की सामने अभ्यास करने की जरूरत क्या थी

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने पाकिस्तान के बल्लेबाज इमाम-उल-हक की पिंडली की चोट पर सवाल उठाए हैं.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
यह सब दिखावा है... स्टुअर्ट ब्रॉड ने इमाम-उल-हक की चोट पर उठाए सवाल, बोेले- कैमरों की सामने अभ्यास करने की जरूरत क्या थी
Courtesy: X

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान इमाम-उल-हक की चोट को स्टुअर्ट ब्रॉड ने दिखावा बताया है. इमाम-उल-हक को मैच से बाहर होने के बावजूद चौथे दिन उन्हें मैदान के पास बल्लेबाजी की प्रैक्टिस करते देखा गया. इसी पर स्टुअर्ट ब्रॉड ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर चोट गंभीर थी तो कैमरों के सामने इस तरह अभ्यास करने की जरूरत क्या थी.

लॉर्ड्स टेस्ट में इमाम की चोट पर बढ़ा विवाद

टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग करते समय इमाम की बाईं पिंडली में हल्का खिंचाव आया था. इसके बाद पाकिस्तान की मेडिकल टीम ने उनका इलाज किया और उन्हें मैच से बाहर कर दिया गया. हालांकि चौथे दिन वह चोट वाली जगह पर टेप लगाए बल्लेबाजी का अभ्यास करते नजर आए. वह अभ्यास के दौरान थोड़ा लंगड़ाते भी दिखे. इसी तस्वीर पर ब्रॉड ने सवाल खड़े किए. उनका कहना था कि अगर इमाम खेलने के लिए फिट नहीं थे, तो भीड़ और कैमरों के सामने इस तरह अभ्यास करने की जरूरत नहीं थी.

ब्रॉड की बात से डेविड वॉर्नर भी सहमत

स्काई स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान ब्रॉड ने इमाम की स्थिति पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सवाल किया कि अगर खिलाड़ी टेस्ट से बाहर था, तो वह बाद में बल्लेबाजी के लिए आया या नहीं. ब्रॉड की बात से ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डेविड वॉर्नर भी सहमत नजर आए. ब्रॉड ने इसे दिखावा तक बता दिया.

इमाम की पुरानी चोटों को लेकर भी उठ चुके हैं सवाल

इमाम की फिटनेस को लेकर यह पहली बार सवाल नहीं उठा है. पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज और चीफ सेलेक्टर मोहम्मद वसीम ने 2022 की एक घटना का जिक्र करते हुए उनकी चोट को लेकर पहले भी सवाल किए थे. हालांकि मौजूदा मामले में टीम मैनेजमेंट ने इमाम पर किसी तरह का आरोप नहीं लगाया है. लीड्स टेस्ट में भी इमाम का प्रदर्शन खास नहीं रहा था, जहां उन्होंने 42 और शून्य रन बनाए थे. लॉर्ड्स में उनके बाहर रहने से पाकिस्तान की बल्लेबाजी और कमजोर हुई और उनकी चोट ने टीम की मुश्किलें बढ़ा दी.