भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से इंतजार की जा रही सफेद गेंद की सीरीज को लेकर अब एक नया अपडेट सामने आया है. सितंबर में होने वाली तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज फिलहाल तय समय पर नहीं हो सकेगी. भारत को इसी दौरान अफगानिस्तान के खिलाफ T20 मुकाबले खेलने हैं. हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल ने साफ किया है कि सीरीज रद्द नहीं हुई है. दोनों बोर्ड नई विंडो तलाशने के लिए लगातार संपर्क में हैं.
तमीम इकबाल ने यूट्यूब चैनल से बातचीत में कहा कि भारत के खिलाफ सीरीज को लेकर बातचीत जारी है. उनके मुताबिक, दोनों क्रिकेट बोर्ड इसे कराने के लिए गंभीर हैं और उचित समय तलाश रहे हैं. उन्होंने संकेत दिया कि सितंबर में मुकाबले नहीं होने के बावजूद पूरी सीरीज के आयोजन की संभावना खत्म नहीं हुई है. तारीखों को लेकर दोनों पक्ष लगातार विकल्पों पर विचार कर रहे हैं.
सितंबर में सीरीज कराने में सबसे बड़ी अड़चन भारत का व्यस्त शेड्यूल है. भारतीय टीम को 13 सितंबर से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज खेलनी है. ऐसे में भारत-बांग्लादेश मुकाबलों के लिए उसी महीने जगह बनना मुश्किल है. तमीम के अनुसार, BCCI और BCB अब ऐसी विंडो खोज रहे हैं, जिसमें दोनों टीमों का कार्यक्रम प्रभावित न हो और सीरीज कराई जा सके.
भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट रिश्तों में हाल के महीनों में तल्खी देखने को मिली है. बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में आयोजित T20 विश्व कप से हटने का फैसला किया था. इससे पहले मुस्ताफिजुर रहमान को IPL से हटाया गया था. तमीम ने माना कि इन घटनाओं के बावजूद खेल को राजनीतिक विवादों से अलग रखने की जरूरत है.
तमीम ने कहा कि बांग्लादेश को विश्व कप खेलना चाहिए था और बातचीत का रास्ता खुला रखना जरूरी था. उनका मानना है कि खेल के मंच पर मुश्किल परिस्थितियों में भी संवाद जारी रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर शुरुआत में ही वापसी के सभी रास्ते बंद कर दिए जाएं, तो समाधान मुश्किल हो जाता है. फिलहाल उनकी बातों से संकेत है कि भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में वापसी की उम्मीद बनी हुई है.