SL vs AFG Test: श्रीलंका के खिलाफ अफगानिस्तान टीम का ऐलान, राशिद खान बाहर, 4 नए खिलाड़ियों को मौका

SL vs AFG Test: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान किया है, जिसमें 4 अनकैप्ड खिलाड़ियों को जगह मिली है. 

Bhoopendra Rai

SL vs AFG Test: 2 फरवरी से अफगानिस्तान की टीम को श्रीलंका का दौरा करना है. जहां उसे एकमात्र टेस्ट, तीन वनडे और इतने ही टी20 मैच खेलना है. एकमात्र टेस्ट के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपना स्क्वाड जारी किया है, जिसमें 4 नए खिलाड़ियों को मौका मिला है. दिलचस्प बात ये है कि टेस्ट टीम में 35 साल का एक खिलाड़ी डेब्यू करेगा, जिसका नाम नूर अली जादरान हैं. उनके अलावा 3 युवा अनकैप्ड को भी जगह मिली है. 

काएस अहमद को राशिद की जगह मौका

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में राशिद खान टीम का हिस्सा नहीं हैं. वह पीठ की सर्जरी के कारण टेस्ट नहीं खेल सकेंगे. उनकी जगह लेग स्पिनर काएस अहमद को 16 प्लेयर्स के स्क्वॉड में शामिल किया है. 23 साल के अहमद अफगानिस्तान के लिए 1 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम एक विकेट है.

इन 4 खिलाड़ियों को पहली बार टेस्ट टीम में मिली जगह

1. नूर अली जादरान (बल्लेबाज)

35 साल के नूर अली जादरान ने 2009 में बांग्लादेश के लिए वनडे डेब्यू किया था. वह 51 वनडे में 1216 रन बना चुके हैं. टी20 के 22 मैचों में उनके नाम 586 रन हैं. पहली बार उन्हें टेस्ट टीम में जगह मिली है.

2. मोहम्‍मद इशाक (विकेटकीपर बल्लेबाज)

मोहम्‍मद इशाक की उम्र 18 साल है. उन्होंने सिर्फ 10 फर्स्ट क्लास मैच खेले और 366 रन बनाए. 16 लिस्ट ए और 10 टी20 मैचों में यह खिलाड़ी शिरकत कर चुका है. 

3. जिया उर रहमान (बॉलिंग आलराउंडर)

जिया उर रहमान बॉलिंग आलराउंडर हैं. उन्होंने 28 फर्स्ट क्लास मैचों में 19.1 की औसत से 159 विकेट चटकाए हैं. स्पिन बॉलिंग के साथ निचले क्रम में तूफानी बैटिंग भी करते हैं.

4. नवीद जदरान (तेज गेंदबाज)

नवीद की उम्र 18 साल है. वह तेज गेंदबाजी करते हैं. उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में चुना गया है. 7 फर्स्ट क्लास मैचों में इस गेंदबाज के नाम 35 विकेट हैं. वह 3 बार पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट चटका चुके हैं.

श्रीलंका के खिलाफ अफगानिस्तान की टेस्ट टीम 

हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), रहमत शाह (उप-कप्तान), इब्राहिम जादरान, अब्दुल मलिक, नूर अली जादरान, बहिर शाह, नासिर जमाल, इकराम अलीखिल (विकेटकीपर), मोहम्मद इशाक (विकेटकीपर), काएस अहमद, जिया-उर-रहमान , जहीर खान, यामीन अहमदजई, निजात मसूद, मोहम्मद सलीम और नवीद जादरान