बर्थडे से पहले गिल ने अभिषेक के ओवर में ठोके 6,4,6,... फिर आखिरी गेंद पर दोस्त ने लिया बदला
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की दोस्ती के बीच शेर ए पंजाब T20 लीग में दोनों आमने सामने आए. गिल ने 67 रन बनाए, जबकि अभिषेक ने उन्हें आउट करने के बाद 49 रन जड़कर टीम को जिताया.
शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा की दोस्ती बचपन से चली आ रही है. दोनों ने पंजाब में साथ क्रिकेट सीखा और आगे बढ़ते हुए भारतीय टीम तक पहुंचे. सोमवार को मोहाली में शेर-ए-पंजाब T20 लीग के मुकाबले में यही दोनों दोस्त एक-दूसरे के सामने थे. गिल ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अभिषेक ने गेंद से उनका विकेट लेकर जवाब दिया. इसके बाद अभिषेक ने बल्ले से भी तूफानी पारी खेली. यह मुकाबला गिल के 27वें जन्मदिन से एक दिन पहले हुआ.
गिल ने अभिषेक के ओवर में बरसाए रन
फाजिल्का फाल्कन्स के लिए खेaलते हुए गिल ने 35 गेंदों पर 67 रन बनाए. उनकी पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. अभिषेक शर्मा के एक ओवर में गिल ने पहली गेंद पर छक्का, तीसरी पर चौका और पांचवीं गेंद पर फिर छक्का जड़ा. इस तरह उन्होंने एक ही ओवर में 6, 4, 6 के साथ अपना आक्रामक अंदाज दिखाया.
आखिरी गेंद पर अभिषेक ने पलटा खेल
गिल के हमले के बाद अभिषेक ने आखिरी गेंद पर अपना जवाब दे दिया. गिल ने बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में चली गई. नमन धीर ने कैच लपक लिया. इस विकेट के बाद अभिषेक खुशी से मुस्कुराते नजर आए. उन्होंने अपने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए.
Also Read
बल्ले से भी अभिषेक का तूफान
गिल को आउट करने के बाद अभिषेक ने बल्लेबाजी में भी शानदार खेल दिखाया. अमृतसर सूरमाज के लिए उन्होंने केवल 15 गेंदों में 49 रन ठोक दिए. उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए. सहज धवन के साथ उनकी 79 रन की साझेदारी ने टीम को तेज शुरुआत दी. इसके बाद राहुल कुमार ने नाबाद 53 रन बनाकर जीत पक्की कर दी.
दोस्ती अलग, मैदान का मुकाबला अलग
फाजिल्का फाल्कन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 191/6 का स्कोर बनाया था. जवाब में अमृतसर सूरमाज ने 4 विकेट से मुकाबला जीत लिया. अभिषेक को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. बचपन के दोस्तों के बीच हुए इस मुकाबले में गिल ने बल्ले से हमला किया, जबकि अभिषेक ने पहले गेंद से उन्हें रोका और फिर बल्ले से मैच जिताया.