'यह मेरा नसीब है...', एशिया कप में नहीं चुने जाने पर छलका श्रेयस अय्यर का दर्द, पिता ने किया बड़ा खुलासा
Shreyas Iyer: एशिया कप 2025 की टीम से श्रेयस अय्यर को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. ऐसे में अब अय्यर के पिता ने इसको लेकर बड़ा खुलासा किया है.
Shreyas Iyer: भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया. इसके बाद से चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की काफी आलोचना हुई. अय्यर ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन इसके बाद भी उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया.
अय्यर को बाहर किए जाने के बाद उनके पिता संतोष अय्यर ने बड़ा खुलासा किया है. उनका कहना है कि श्रेयस अधिक निराश नहीं होते हैं और इसको लेकर किसी को दोष भी नहीं देते हैं. बता दें कि अय्यर लगातार टी20 टीम से बाहर चल रहे हैं.
श्रेयस अय्यर के पिता ने किया बड़ा खुलासा
श्रेयस के पिता संतोष अय्यर ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि श्रेयस को भारतीय टी20 टीम में जगह पाने के लिए और क्या करना होगा. वह हर साल आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, चाहे वह दिल्ली कैपिटल्स हो, केकेआर हो या पंजाब किंग्स. वह सिर्फ एक बल्लेबाज ही नहीं बल्कि एक सफल कप्तान भी हैं. मैं यह नहीं कह रहा कि उन्हें भारतीय टीम का कप्तान बनाया जाए लेकिन कम से कम टीम में तो जगह दी जाए."
Also Read
श्रेयस ने दी प्रतिक्रिया
टीम से बाहर होने के बावजूद श्रेयस ने अपनी नाराजगी को खुलकर जाहिर नहीं किया. उनके पिता ने बताया, "श्रेयस कभी भी चयनकर्ताओं को दोष नहीं देता. वह बस कहता है, 'यह मेरा नसीब है, अब इसमें कुछ नहीं किया जा सकता.' वह हमेशा शांत और संयमित रहता है. अंदर से उसे निराशा तो होती होगी लेकिन वह इसे बाहर नहीं दिखाता."
श्रेयस ने भारत के लिए 51 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 30.66 की औसत और 136.12 की स्ट्राइक रेट से 1104 रन बनाए हैं. उनका आखिरी टी20 मैच दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था.
चयनकर्ताओं के फैसले पर उठे सवाल
श्रेयस के चयन न होने पर पूर्व भारतीय सहायक कोच अभिषेक नायर ने भी चयनकर्ताओं के फैसले की आलोचना की. उन्होंने कहा, "मैं समझ नहीं पा रहा कि श्रेयस को 20 सदस्यीय स्क्वॉड में भी जगह न देने का क्या कारण हो सकता है. यह साफ संदेश देता है कि चयनकर्ता टी20 फॉर्मेट के लिए श्रेयस को अपनी योजनाओं में नहीं देख रहे."