मुंबई के खिलाफ श्रेयस अय्यर ने लिया IPL के इतिहास का सबसे शानदार कैच, देखें वीडियो
मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच आईपीएल के इतिहास का शायद सबसे बेहतरीन कैच देखने को मिला.
MI VS PBKS: आईपीएल के इस रोमांचक क्रिकेट सीजन में मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया मुकाबला कई मायनों में बेहद खास रहा. इस हाई-वोल्टेज मैच में जहां एक तरफ क्विंटन डी कॉक के बल्ले ने आग उगली. वहीं दूसरी तरफ फील्डिंग में आईपीएल के इतिहास का शायद सबसे बेहतरीन कैच देखने को मिला.
श्रेयस अय्यर और बार्टलेट का जादुई कैच
मुंबई की पारी के 18वें ओवर में एक ऐसा नजारा दिखा जिसने क्रिकेट फैंस को दांतों तले उंगलियां दबाने पर मजबूर कर दिया. हार्दिक पांड्या ने मार्को जेनसन की गेंद पर लॉन्ग-ऑन की तरफ एक सीधा छक्का जड़ने की कोशिश की. वहां बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपनी बाईं ओर शानदार छलांग लगाते हुए गेंद को हवा में लपक लिया. लेकिन जैसे ही उन्हें एहसास हुआ कि उनका संतुलन बिगड़ रहा है और वह बाउंड्री लाइन के पार जा रहे हैं. उन्होंने तुरंत समझदारी दिखाते हुए गेंद जेवियर बार्टलेट की तरफ उछाल दी, जिन्होंने यह आसान कैच पूरा कर लिया.
हैरान रह गया मुंबई का डगआउट
इस अविश्वसनीय प्रयास को देखकर डगआउट में बैठे रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव भी हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत खड़े होकर इस कैच के लिए जमकर तालियां बजाईं. अय्यर चूंकि मुंबई के ही रहने वाले हैं, इसलिए स्टेडियम में मौजूद स्थानीय दर्शकों ने भी उनके इस शानदार प्रयास की खूब तारीफ की.
डी कॉक का शतक और नमन धीर का दमदार साथ
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने बोर्ड पर 195 रनों का एक मजबूत स्कोर खड़ा किया. हालांकि टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी. रयान रिकल्टन और सूर्यकुमार यादव सस्ते में पवेलियन लौट गए थे. संकट की इस घड़ी में नमन धीर और क्विंटन डी कॉक ने मोर्चा संभाला और दोनों के बीच 122 रनों की शानदार साझेदारी हुई.
60 गेंदों में नाबाद 112 रन
क्विंटन डी कॉक ने अंत तक टिके रहते हुए महज 60 गेंदों में नाबाद 112 रनों की तूफानी पारी खेली. हैमस्ट्रिंग इंजरी की वजह से बाहर चल रहे नियमित कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में डी कॉक को मौका मिला था और यह पूरे पांच साल में मुंबई के लिए उनका पहला गेम भी था. मध्यक्रम भले ही इस शुरुआत को आगे नहीं बढ़ा पाया, लेकिन डी कॉक ने बीच के ओवरों में जमकर कहर बरपाया.
अर्शदीप का कमाल
गेंदबाजी की बात करें तो पंजाब की तरफ से अर्शदीप सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 अहम विकेट झटके. दूसरी तरफ, खराब शुरुआत के बावजूद मुंबई के मुख्य कोच महेला जयवर्धने 195 के इस स्कोर से काफी खुश होंगे, क्योंकि पहली पारी के दौरान उन्होंने 170-180 रन बनने की ही उम्मीद जताई थी और टीम ने उससे 15 रन ज्यादा बनाए हैं.