Vinod Kambli Video: वृद्धाश्रम में दिखे सचिन तेंदुलकर के दोस्त विनोद कांबली, बोले- ‘घर से दूर होने जैसा महसूस नहीं हो रहा’
पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली ठाणे के एक बुजुर्ग देखभाल केंद्र में नजर आए. वीडियो में उन्होंने वहां मिल रही सुविधाओं और प्यार की तारीफ की.
सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त और पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इसमें वह ठाणे के एक एल्डरली केयर सेंटर में नजर आ रहे हैं. कांबली ने वहां मिलने वाली देखभाल, साफ-सफाई और लोगों के व्यवहार की तारीफ की है.
केयर सेंटर में कांबली ने कहा- घर जैसा लग रहा है
54 वर्षीय विनोद कांबली वीडियो में सेंटर की सुविधाओं के बारे में बात करते दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने वहां की साफ-सफाई को बहुत अच्छा बताया और कहा कि उन्हें लोगों से काफी प्यार और सम्मान मिल रहा है. कांबली ने यह भी कहा कि उन्हें यहां अपने घर से दूर होने जैसा महसूस नहीं हो रहा. वीडियो सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं. हालांकि, यह साफ नहीं है कि कांबली इस सेंटर में रहने के लिए आए हैं या किसी दूसरे कारण से वहां मौजूद थे.
2024 में अस्पताल में भर्ती हुए थे कांबली
कांबली पिछले कुछ समय से अपनी सेहत को लेकर चर्चा में रहे हैं. दिसंबर 2024 में उन्हें लो ब्लड प्रेशर और यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन के बाद ठाणे के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन और पुराने ब्लड क्लॉट की भी जानकारी दी थी. करीब दो हफ्ते इलाज के बाद जनवरी 2025 में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी. उनके दोस्त और पूर्व फर्स्ट क्लास अंपायर मार्कस कौटो ने बाद में उनकी याददाश्त को लेकर भी दावा किया था, हालांकि कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने उनके शराब पीने से जुड़े दावों को अफवाह बताया था.
Also Read
- Asian Games 2026: तेजिंदरपाल तूर की गोल्ड हैट्रिक का सपना टूटा, शॉट पुट में सिल्वर से करना पड़ा संतोष
- IND vs WI 1st ODI: भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले आई बुरी खबर, बारिश बिगाड़ सकती है रोहित-कोहली की वापसी का मजा!
- ये मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा... विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर किया बड़ा ऐलान
सचिन के साथ 664 रन की साझेदारी से मिली पहचान
विनोद कांबली को अपने दौर के बेहद प्रतिभाशाली भारतीय बल्लेबाजों में गिना जाता था. उन्होंने 17 टेस्ट मैचों में 1,084 रन बनाए, जिसमें चार शतक शामिल हैं. वनडे में उनके नाम 104 मैचों में 2,477 रन हैं. कांबली और सचिन तेंदुलकर की दोस्ती भी क्रिकेट इतिहास का चर्चित हिस्सा है. दोनों ने 1988 में स्कूल क्रिकेट में 664 रनों की नाबाद साझेदारी की थी. बाद में दोनों ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला.