BRICS 2026

IND vs AFG: ODI सीरीज से रोहित शर्मा-हार्दिक पांड्या होंगे ड्रॉप! BCCI आज करेगी फैसला

IND vs AFG ODI सीरीज से पहले पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है. रिपोर्ट्स का कहना है कि इस सीरीज के लिए रोहित और हार्दिक के चयन पर फिलहाल असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर अब फैंस में उत्साह और बढ़ गया है. इस सीरीज के लिए BCCI आज यानी 19 मई को टीम इंडिया का ऐलान करेगी. लेकिन टीम चयन से पहले दो बड़े नाम चर्चा के केंद्र में हैं वो नाम कोई और नहीं बल्कि भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और स्टार हार्दिक पांड्या हैं.

दोनों दिग्गज खिलाड़ियों को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आ रही है जिसने बीसीसीआई साथ ही फैंस की चिंता भी बढ़ा दी है. रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों वरिष्ठ खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर बनी अनिश्चितता ने चयनकर्ताओं की चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि आगामी वनडे सीरीज में ये दोनों स्टार खिलाड़ी टीम का हिस्सा होंगे या नहीं.

बढ़ी BCCI की टेंशन 

दरअसल अफगानिस्तान सीरीज से पहले एक रिपोर्ट आ रही है जिसने बीसीसीआई की चिंता को बढ़ा दिया है. रिपोर्ट्स का कहना है कि AFG ODI सीरीज में अब तक रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के खेलने पर आखिरी फैसला नहीं लिया गया. फिलहाल अभी दोनों की फिटनेस की जांच की जा रही है. जिसकी रिपोर्ट के बाद ही कोई फैसला लिया जा सकता है. 


 

रोहित शर्मा की फिटनेस बनी चिंता

बता दें हिटमैन BCCI द्वारा तय किए गए फिटनेस मानकों को पूरी तरह पूरा नहीं कर पाए हैं. खासतौर पर रनिंग और फील्डिंग टेस्ट को लेकर चयनकर्ता सतर्क नजर आ रहे हैं. आईपीएल 2026 में भी रोहित ज्यादातर मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में दिखाई दिए, जिसके कारण उनकी फील्डिंग जिम्मेदारियां सीमित रहीं. बता दें रोहित आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी जिस कारण वह कुछ मैच से बाहर थे. 

हार्दिक पांड्या की स्थिति भी साफ नहीं

हार्दिक पांड्या की फिटनेस भी टीम चयन से पहले बड़ा मुद्दा बनी हुई है. माना जा रहा है कि वह पीठ के निचले हिस्से में अकड़न की समस्या से परेशान हैं. हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द मैदान पर लौट सकते हैं.

भारतीय टीम के लिए हार्दिक एक महत्वपूर्ण ऑलराउंडर हैं, क्योंकि वह बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी का विकल्प भी देते हैं. ऐसे में उनकी फिटनेस टीम संतुलन के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.

14 जून से शुरु होगी सीरीज

आपकी जानकारी के लिए बता दें भारत बनाम अफगानिस्तान वनडे सीरीज का आगाज 14 जून से होगा. इस घरेलू सीरीज का पहला मुकाबला 14 जून के धर्मशाला में होगा तो वहीं दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाना है. सीरीज का आखिरी मैच 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा.