IPL 2026 Playoff Schedule: प्लेऑफ की चारों टीमें 1-1 बार की चैंपियन, अब दूसरी ट्रॉफी के लिए मचेगा घमासान, देखें पूरा शेड्यूल
Indian Premier League के प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो गई हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स खिताब की दौड़ में पहुंच चुकी हैं.
आईपीएल 2026 का लीग चरण खत्म होते ही प्लेऑफ की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. इस बार का सीजन बेहद रोमांचक रहा. आखिरी मुकाबलों तक कई टीमों की उम्मीदें कायम थी. आखिरकार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने टॉप-4 में जगह बनाकर खिताब की जंग में एंट्री कर ली. अब क्रिकेट फैंस की नजरें नॉकआउट मुकाबलों पर टिक गई हैं.
टॉप-4 टीमों ने ऐसे बनाई प्लेऑफ में जगह
इस सीजन RCB ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया. वह अंकतालिका में पहले स्थान पर रही. टीम ने 14 मैचों में 9 जीत दर्ज कर 18 अंक हासिल किए. गुजरात टाइटंस ने भी इतने ही अंक जुटाए. नेट रन रेट कम होने के कारण उसे दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा. सनराइजर्स हैदराबाद ने लगातार बेहतरीन खेल दिखाकर तीसरा स्थान हासिल किया. वहीं राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी लीग मुकाबले में मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ का आखिरी टिकट अपने नाम किया.
क्वालिफायर-1 में भिड़ेंगी RCB और GT
प्लेऑफ का पहला मुकाबला 26 मई को खेला जाएगा. इस मैच में Gujarat Titans और RCB आमने-सामने होंगी. यह मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा. इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. हारने वाली टीम के पास भी फाइनल में पहुंचने का एक और मौका रहेगा.
एलिमिनेटर में SRH और RR की टक्कर
27 मई को एलिमिनेटर मुकाबले में Sunrisers Hyderabad और राजस्थान रॉयल्स आमने-सामने होंगी. यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले की हारने वाली टीम सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. वहीं जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में पहुंचेगी.
फाइनल के लिए होगी आखिरी जंग
29 मई को क्वालिफायर-2 खेला जाएगा, जिसमें क्वालिफायर-1 की हारने वाली टीम और एलिमिनेटर की विजेता टीम भिड़ेंगी. यह मुकाबला भी न्यू चंडीगढ़ में आयोजित होगा. इसके बाद 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा.
और पढ़ें
- राजस्थान के रेगिस्तान में मिला कुबेर का खजाना, परमाणु ऊर्जा में आएगी क्रांति; खत्म होगी चीन की बादशाहत!
- IPL 2026 Playoffs: राजस्थान रॉयल्स ने कटाया प्लेऑफ का आखिरी टिकट, कोलकाता और पंजाब को लगा बड़ा झटका; इन 4 टीमों में होगा मुकाबला
- Delhi NCR Weather: दिल्ली-NCR की ओर तेजी से बढ़ रहा भीषण रेतीला तूफान, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट