IPL 2026

RCB या GT, कौन होगा IPL-2026 का विनर, क्या कहते हैं फलोदी सट्टा बाजार के आंकड़े?

आईपीएल 2026 के महामुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खिताबी भिड़ंत होगी. मैच से पहले फलोदी सट्टा बाजार और पॉलीमार्केट ने आरसीबी की जीत की मजबूत संभावना जताई है.

X
Kanhaiya Kumar Jha

दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज आईपीएल 2026 का ऐतिहासिक फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है. इस खिताबी जंग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) की टीमें आमने-सामने है. क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस बात को लेकर जबरदस्त उत्साह है कि क्या बेंगलुरु लगातार दूसरा खिताब जीतकर नया इतिहास रचेगी या फिर गुजरात की टीम बाजी मारेगी. वही सट्टा बाजारों के अनुमानों ने हलचल बढ़ा दी है.

देशभर में अपनी सटीक भविष्यवाणियों के लिए मशहूर राजस्थान के फलोदी सट्टा बाजार ने इस महामुकाबले को लेकर अपने भाव खोल दिए हैं. फलोदी के सट्टेबाजों के मुताबिक, खिताबी भिड़ंत में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है. बाजार के ताजा अनुमानों के अनुसार, आरसीबी की जीत की संभावना 53 प्रतिशत आंकी जा रही है. दूसरी ओर, पहली ट्रॉफी की तलाश में जुटी गुजरात टाइटंस के जीतने के चांस 47 प्रतिशत बताए जा रहे हैं.

पॉलीमार्केट के आंकड़ों में भी आरसीबी आगे

फलोदी के अलावा वैश्विक सट्टा मंच पॉलीमार्केट (Polymarket) के ट्रेंड्स भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं. पॉलीमार्केट के ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि बेंगलुरु की जीत की उम्मीद 52 प्रतिशत है, जबकि गुजरात टाइटंस को 48 प्रतिशत संभावनाओं के साथ आंका गया है. दोनों ही प्रमुख सट्टा बाजारों के रुझानों को देखा जाए, तो इस समय आरसीबी फैंस के लिए अच्छी खबर है क्योंकि उनकी टीम को ही इस सीजन का संभावित विजेता माना जा रहा है.

कैसे काम करता है फलोदी का गणित?

सट्टेबाजी की दुनिया में राजस्थान का फलोदी शहर अपने खास मिजाज के लिए जाना जाता है. यहां राजनीतिक चुनावों से लेकर क्रिकेट मैचों पर करोड़ों का दांव लगता है. हालांकि, यह पूरा बाजार किसी वैज्ञानिक पद्धति, कंप्यूटर एल्गोरिदम या आधिकारिक डेटा पर काम नहीं करता है. यहां के आंकड़े पूरी तरह से अनुभवी सट्टेबाजों की व्यक्तिगत राय, स्थानीय रुझानों और दांव लगाने वाले लोगों की दैनिक गतिविधियों के आधार पर तय किए जाते हैं, इसलिए इनमें बदलाव संभव है.

जब गलत साबित हुए सटोरियों के दावे

ऐसा बिल्कुल नहीं है कि फलोदी बाजार के दावे हमेशा पत्थर की लकीर साबित हों. इतिहास गवाह है कि यह बाजार कई बार पूरी तरह धराशायी हुआ है. साल 2012 के आईपीएल सीजन में यहां के बुकी दिल्ली की टीम को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार मान रहे थे, लेकिन कोलकाता ने ट्रॉफी जीतकर सबको चौंका दिया था. हालांकि, पिछले साल यानी आईपीएल 2025 के फाइनल से पहले आरसीबी को लेकर जताई गई उनकी भविष्यवाणी बिल्कुल सटीक बैठी थी.

सीजन का चौथा और निर्णायक मुकाबला

मौजूदा सीजन की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक कुल तीन भिड़ंत देखने को मिली हैं. लीग स्टेज के दौरान दोनों ही टीमों ने एक-दूसरे को एक-एक मैच में पटखनी दी थी. आज इस सीजन में दोनों टीमें चौथी बार एक-दूसरे के कौशल की परीक्षा लेंगी. बेंगलुरु जहां लगातार दूसरी बार चैंपियन बनकर अपनी बादशाहत कायम रखना चाहेगी, वहीं साल 2022 की विजेता गुजरात टाइटंस भी अपनी दूसरी चमचमाती ट्रॉफी को उठाने के लिए पूरा दम खम लगाएगी.