यशस्वी जायसवाल ने रणजी में पकड़ा एक और 'बवाल' कैच, वीडियो में देखें स्लिप के बाद बाउंड्री में पकड़ा चमत्कारिक कैच

Ranji Trophy quarterfinal में यशस्वी जायसवाल के शानदार कैच ने मैच का रुख बदल दिया. केएल राहुल का अहम विकेट गिरा, लेकिन स्मरण रविचंद्रन की सूझबूझ भरी पारी से कर्नाटक ने मुंबई को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई.

Anuj

मुंबई: रणजी ट्रॉफी का सीजन जारी है, जो अब अपने अंतिम चरण में है. इस बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का क्वार्टरफाइनल मुकाबला खेला गया. इस मैच में भारत और मुंबई के ओपनर यशस्वी जायसवाल ने फील्डिंग से सुर्खियां बटोरी.

यशस्वी जायसवाल ने केएल राहुल का हैरतअंगेज कैच पकड़ा. एक दिन पहले भी यशस्वी जायसवाल ने शानदार कैच पकड़कर टीम को सफलता दिलाई थी. इसके बावजूद कर्नाटक ने संयम और साझेदारी के दम पर लक्ष्य हासिल कर लिया और गत चैंपियन मुंबई का सफर रोक दिया.

जायसवाल का हैरतअंगेज कैच

मैच का निर्णायक पल 59वें ओवर में आया. तुषार देशपांडे की शॉर्ट गेंद पर केएल राहुल ने फाइन लेग की ओर शॉट खेलना चाहा, लेकिन गेंद गली की ओर गई. यशस्वी जायसवाल ने हवा में डाइव लगाकर दोनों हाथों से लाजवाब कैच पकड़ा और दर्शकों को चौंका दिया. 

केएल राहुल की जुझारू पारी

पहली पारी में 28 रन पर आउट होने वाले राहुल ने दूसरी पारी में जिम्मेदारी से बल्लेबाजी की. उन्होंने 182 गेंदों में 130 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और एक छक्का शामिल रहा. उनका विकेट गिरते समय कर्नाटक को जीत के लिए 59 रन चाहिए थे, जिससे मैच एक बार फिर रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया.

राहुल और स्मरण के बीच अहम साझेदारी

राहुल और स्मरण रविचंद्रन के बीच 147 रन की अहम साझेदारी हुई. राहुल के आउट होने के बाद स्मरण ने मोर्चा संभाला. उन्होंने संयम के साथ रन बटोरे और दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया. यह साझेदारी मुंबई के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हुई.

4 विकेट से जीता कर्नाटक

स्मरण रविचंद्रन 83 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. वहीं, विद्या पाटिल ने 31 रन की तेज पारी खेली. दोनों ने अंतिम ओवरों में समझदारी दिखाई और विकेट बचाते हुए रन जोड़े, जिससे कर्नाटक ने चार विकेट से जीत दर्ज की.

सेमीफाइनल में उत्तराखंड और कर्नाटक की टक्कर

इस जीत के साथ कर्नाटक ने मुंबई को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया. टीम अब 15 फरवरी से शुरू होने वाले सेमीफाइनल में उत्तराखंड से भिड़ेगी. आठ बार की रणजी चैंपियन कर्नाटक का आत्मविश्वास इस जीत से और मजबूत हुआ है.